







काशीपुर। शहर के एक निजी रिसोर्ट में आयोजित उत्तराखंड क्रांति दल (यूकेडी) की प्रेस वार्ता में पार्टी के युवा जिला अध्यक्ष प्रदीप मंदोलिया ने आगामी 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर बड़ा ऐलान किया। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड क्रांति दल प्रदेश की सभी 70 विधानसभा सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारेगा और पूरी मजबूती के साथ चुनाव मैदान में उतरेगा। प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए प्रदीप मंदोलिया ने कहा कि उत्तराखंड राज्य आंदोलन की मूल भावनाओं और राज्य हितों को लेकर यूकेडी लगातार संघर्ष कर रही है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के सामने आज सबसे बड़ी चुनौती पहाड़ों से हो रहा लगातार पलायन है, जिसे रोकना पार्टी की प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि यदि समय रहते इस समस्या का समाधान नहीं किया गया तो पहाड़ों के गांव पूरी तरह खाली हो जाएंगे। मंदोलिया ने कहा कि उत्तराखंड क्रांति दल का सबसे प्रमुख मुद्दा पहाड़, जल, जंगल और जमीन की रक्षा है। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण के साथ-साथ स्थानीय लोगों को रोजगार उपलब्ध कराना भी आवश्यक है। उनका कहना था कि राज्य में ऐसी नीतियां बनाई जानी चाहिएं जिनसे युवाओं को अपने ही क्षेत्र में रोजगार के अवसर मिल सकें। उन्होंने पलायन की समस्या का उदाहरण देते हुए कहा कि पहाड़ का व्यक्ति रोजगार की तलाश में पहले मैदानी क्षेत्रों, विशेषकर काशीपुर जैसे शहरों की ओर आता है, लेकिन पर्याप्त अवसर न मिलने के कारण उसे वहां से भी दूसरे राज्यों की ओर पलायन करना पड़ता है। यह स्थिति राज्य के लिए चिंताजनक है और इसे बदलने के लिए ठोस प्रयासों की आवश्यकता है। यूकेडी युवा जिला अध्यक्ष ने कहा कि उनकी पार्टी शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार जैसे बुनियादी मुद्दों को लेकर व्यापक स्तर पर कार्य करेगी। काशीपुर विधानसभा सीट को लेकर पूछे गए सवाल के जवाब में प्रदीप मंदोलिया ने कहा कि पार्टी के संपर्क में दो से तीन संभावित उम्मीदवार हैं। उन्होंने संकेत देते हुए कहा कि काशीपुर से एक ऐसे व्यक्ति को चुनाव मैदान में उतारा जा सकता है जिसने देश की सेवा की है और अब प्रदेश की सेवा करने के उद्देश्य से राजनीति में सक्रिय भूमिका निभाना चाहता है। हालांकि उन्होंने संभावित उम्मीदवार के नाम का खुलासा नहीं किया। प्रेस वार्ता में यूकेडी पदाधिकारियों ने विश्वास जताया कि आगामी विधानसभा चुनाव में पार्टी राज्य के मूल मुद्दों को लेकर जनता के बीच जाएगी और एक मजबूत राजनीतिक विकल्प के रूप में अपनी उपस्थिति दर्ज कराएगी। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के हितों और राज्य आंदोलन की भावनाओं को आगे बढ़ाने के लिए यूकेडी लगातार जनसंपर्क अभियान भी चलाएगी।

जुगनू खान
संपादक – जुगनू खबर
पता – काशीपुर, 244712
संपर्क – 6396151800



