
काशीपुर 21 जून, 2026:- सतगुरु माता सुदीक्षा जी महाराज एवं निरंकारी राजपिता रमित जी के पावन आशीर्वाद से अंर्तराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर संत निरंकारी मिशन की विभिन्न शाखाओं में योग एवं आध्यात्मिक जागरूकता पर केंद्रित कार्यक्रमों का सफल आयोजन किया गया।
इसी क्रम में स्थानीय मुखी राजेंद्र अरोड़ा ने जानकारी सांझा करते हुए बताया कि संत निरंकारी मिशन की शाखा .काशीपुर मे निरंकारी भवन पर भी योग दिवस उत्साहपूर्वक हुआ। कार्यक्रम में श्रद्धालु भक्तों, सेवादल स्वयंसेवकों एवं स्थानीय नागरिकों ने सक्रिय सहभागिता की। अनुभवी योग प्रशिक्षकों पूजय भंडारी जी, बहन कृष्णा जी ,बहन पूनम मेहता जी के मार्गदर्शन में आयोजित योग सत्र में अनेकों प्रतिभागियों ने योगाभ्यास कर स्वस्थ एवं संतुलित जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया।
सतगुरु माता जी अक्सर अपने विचारों में ‘स्वस्थ मन सहज जीवन’ का उल्लेख करते हुए बताते है कि हमारा शरीर निरंकार प्रभु की देन है जिसे स्वस्थ रखना हमारा मूल कर्त्तव्य है इसलिए दीर्घआयु और सक्रिय सफल जीवन के लिए योग नितांत आवश्यक है।
इस वर्ष अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की थीम ‘स्वस्थ आयु के लिए योग’ थी, जिसने यह संदेश दिया कि वास्तविक स्वास्थ्य शारीरिक, मानसिक और आत्मिक संतुलन का समन्वित स्वरूप है। इसी भावना के अनुरूप संत निरंकारी मिशन ने योग को आत्मजागृति, अनुशासन और सकारात्मक जीवन दृष्टि का सशक्त माध्यम बताते हुए जन-जागरूकता को प्रोत्साहित किया।
संत निरंकारी चैरिटेबल फाउंडेशन के सचिव आदरणीय श्री जोगिन्दर सुखीजा जी के अनुसार, मिशन द्वारा देशभर के 1500 से अधिक केंद्रों पर सामूहिक योग कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनका उद्देश्य स्वास्थ्य, मानसिक संतुलन और आध्यात्मिक चेतना को बढ़ावा देना था।
निसंदेह निरंकारी मिशन द्वारा आयोजित यह जनकल्याणकारी अभियान समाज को स्वास्थ्य, जागरूकता और सकारात्मक जीवन मूल्यों के प्रति प्रेरित करते हुए समग्र कल्याण का संदेश प्रदान करता है। यह जानकारी निरंकारी मीडिया प्रकाश खेडा द्वारा दी गई!

जुगनू खान
संपादक – जुगनू खबर
पता – काशीपुर, 244712
संपर्क – 6396151800



