

काशीपुर। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आदर्श जाटव कल्याण समिति, काशीपुर की ओर से डॉ. अंबेडकर सभा भवन, दरियाल रोड में स्वतंत्रता दिवस समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में समिति के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया कार्यक्रम की शुरुआत समिति के अध्यक्ष श्री शंकर सिंह द्वारा डॉ. अंबेडकर सभा भवन के प्रांगण में राष्ट्रीय ध्वज फहराकर की गई। इसके पश्चात उपस्थित सभी लोगों ने सामूहिक रूप से राष्ट्रगान गाया और देश की एकता, अखंडता एवं संप्रभुता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की। यह पहली बार था जब आदर्श जाटव कल्याण समिति के अध्यक्ष श्री शंकर सिंह ने सभा भवन के प्रांगण में स्वतंत्र रूप से राष्ट्रीय ध्वज का ध्वजारोहण किया।
ध्वजारोहण के उपरांत समिति की ओर से स्वतंत्रता दिवस के महत्व पर एक गोष्ठी का आयोजन किया गया। गोष्ठी को संबोधित करते हुए समिति अध्यक्ष श्री शंकर सिंह ने देश के अमर शहीदों और स्वतंत्रता सेनानियों को पुष्पांजलि अर्पित कर नमन किया। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस प्रत्येक भारतीय के लिए गौरव और सम्मान का पर्व है। देश की आजादी के लिए अनगिनत वीरों ने अपना सर्वस्व न्योछावर किया, जिसके कारण आज हम स्वतंत्र भारत में जीवन जी रहे हैं। उन्होंने कहा कि भारत अपना 80वां स्वतंत्रता दिवस मना रहा है, जो प्रत्येक देशवासी के लिए गर्व का विषय है। हमें स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और बलिदान को हमेशा याद रखना चाहिए तथा उनके सपनों के भारत के निर्माण के लिए मिल-जुलकर कार्य करना चाहिए। श्री शंकर सिंह ने कहा कि देश को विकास और प्रगति की दिशा में आगे ले जाने के लिए प्रत्येक नागरिक की भूमिका महत्वपूर्ण है। हमें भारतीय संविधान के मूल्यों और लोकतांत्रिक व्यवस्था का सम्मान करते हुए अपने अधिकारों के साथ-साथ कर्तव्यों का भी पालन करना चाहिए। उन्होंने समाज के सभी वर्गों से आपसी भाईचारा, समानता, सद्भाव और एकता बनाए रखने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि संविधान हमें समानता, स्वतंत्रता और न्याय का अधिकार देता है। इसलिए प्रत्येक नागरिक का दायित्व है कि वह संविधान की भावना को समझे और उसके अनुरूप समाज एवं राष्ट्र के विकास में योगदान दे। उन्होंने युवाओं से शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ने और समाज में जागरूकता फैलाने का भी आह्वान किया। कार्यक्रम के दौरान समिति के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने देश की उन्नति, सामाजिक एकता और संविधान के मूल्यों की रक्षा का संकल्प लिया। उपस्थित सदस्यों ने अमर शहीदों को याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की और देशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर समिति के उपाध्यक्ष श्री सुखलेश कुमार आजाद, सचिव श्री एम.पी. सिंह, श्री हर स्वरूप सिंह, कोषाध्यक्ष श्री छोटेलाल गौतम, सहित श्री महिलाल गौतम, श्री मनोहर सिंह, श्री विक्रम सिंह, श्री जगपाल सिंह, श्री सूरजपाल सिंह, श्री हरबूलाल गौतम, संचालक श्री नवल सिंह आजाद, श्री जयपाल, श्री ज्ञानचंद, कपिल सागर सहित समिति के अनेक सम्मानित सदस्य उपस्थित रहे। समारोह के अंत में समिति के पदाधिकारियों ने सभी उपस्थित लोगों का आभार व्यक्त किया और देश की एकता, अखंडता एवं सामाजिक सद्भाव को मजबूत करने का संदेश दिया।

जुगनू खान
संपादक – जुगनू खबर
पता – काशीपुर, 244712
संपर्क – 6396151800
