
कोटाबाग, नैनीताल। उत्तराखंड राज्य सरकार के उच्च शिक्षा विभाग एवं भारतीय उद्यमिता विकास संस्थान (EDII), अहमदाबाद के संयुक्त तत्वावधान में संचालित बहुआयामी “देवभूमि उद्यमिता योजना” के अंतर्गत राजकीय महाविद्यालय कोटाबाग के सभागार में 17 अगस्त 2026 को एक दिवसीय अभिमुखीकरण कार्यक्रम आयोजित किया गया।कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय की प्रभारी प्राचार्या प्रो. (डॉ.) अंजली पुनेरा, मुख्य प्रशिक्षक भूपेंद्र सिंह मेहरा एवं अन्य प्राध्यापकों की उपस्थिति में मां सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित एवं पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। कार्यक्रम के नोडल अधिकारी डॉ. प्रवेश कुमार त्रिपाठी ने देवभूमि उद्यमिता योजना एवं उद्यमिता के महत्व पर प्रकाश डालते हुए छात्र-छात्राओं को “जॉब सीकर नहीं, जॉब प्रोवाइडर” बनने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि महाविद्यालय का प्रयास है कि विद्यार्थी कुशल, योग्य एवं सफल नागरिक के रूप में स्वयं को स्थापित कर सकें। प्रभारी प्राचार्या प्रो. (डॉ.) अंजली पुनेरा ने कहा कि 21वीं सदी में स्वरोजगार एवं उद्यमिता की भूमिका तेजी से बढ़ रही है। सरकारी सेवाओं में अवसर सीमित होने के दौर में युवाओं को उद्यमिता की ओर प्रेरित करना और उन्हें आत्मनिर्भर बनाना इस योजना का महत्वपूर्ण उद्देश्य है।
वरिष्ठ प्राध्यापिका डॉ. सुनीता बिष्ट ने योजना से जुड़े अपने पूर्व अनुभव साझा करते हुए बताया कि इसके माध्यम से महाविद्यालय के अनेक छात्र-छात्राओं ने अपने भविष्य के लिए सफलता के नए मार्ग तलाशे हैं। मुख्य प्रशिक्षक भूपेंद्र सिंह मेहरा ने प्रेरक उदाहरणों एवं अपने अनुभवों के माध्यम से युवाओं को उद्यमिता के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने देवभूमि उद्यमिता योजना के क्रियान्वयन, इसकी उपयोगिता तथा उत्तराखंड के युवाओं के भविष्य निर्माण में इसकी भूमिका के बारे में विस्तार से जानकारी दी। डॉ. प्रवेश कुमार त्रिपाठी ने कहा कि उच्च शिक्षा विभाग का प्रमुख उद्देश्य राज्य के युवाओं को उद्यमिता के क्षेत्र में कुशल एवं योग्य बनाकर उन्हें आत्मनिर्भर बनाना है। उन्होंने विद्यार्थियों को योजना का अधिक से अधिक लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में डॉ. आलोक पांडे, डॉ. निशा नारंग, डॉ. संत कुमार, डॉ. सुमन पांडेय, डॉ. प्रखर बिष्ट, डॉ. तनुजा, श्रीमती कमला, श्री गोधन सिंह एवं श्री सुंदर कुमार सहित महाविद्यालय के अन्य प्राध्यापकों एवं कर्मचारियों का सहयोग रहा। कार्यक्रम में कला एवं विज्ञान संकाय के स्नातक एवं स्नातकोत्तर स्तर के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।

जुगनू खान
संपादक – जुगनू खबर
पता – काशीपुर, 244712
संपर्क – 6396151800
