Screenshot_20260818_182051_WhatsApp

नई दिल्ली। दिग्गज अभिनेत्री मीना कुमारी और कमाल अमरोही की प्रेम कहानी पर बनने वाली फिल्म ‘कमाल और मीना’ को लेकर नया अपडेट सामने आया है। फिल्म की घोषणा साल 2024 में हुई थी, लेकिन करीब दो साल बाद भी इसकी शूटिंग शुरू नहीं हो सकी है। हालांकि, फिल्म के निर्माता सिद्धार्थ पी. मल्होत्रा ने साफ संकेत दिए हैं कि प्रोजेक्ट बंद नहीं हुआ है।

परिणीति चोपड़ा की वेब सीरीज पर फोकस

सिद्धार्थ पी. मल्होत्रा फिलहाल परिणीति चोपड़ा की वेब सीरीज ‘शक’ पर फोकस कर रहे हैं। पहले इस सीरीज का नाम ‘तलाश: अ मदर्स सर्च’ रखा गया था। अब इसका नाम बदलकर ‘शक’ करने का फैसला लिया गया है। रेंजिल के निर्देशन में बन रही इस सीरीज के जल्द नेटफ्लिक्स पर रिलीज होने की योजना है।

सीरीज में परिणीति चोपड़ा के साथ जेनिफर विंगेट, सोनी राजदान, अनूप सोनी और ताहिर राज भसीन भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। बताया गया है कि 8 एपिसोड की इस सीरीज की 210 पेज की स्क्रिप्ट पढ़ने के बाद परिणीति ने इसमें काम करने के लिए हामी भरी थी।

इस वजह से अटकी मीना कुमारी की बायोपिक

सिद्धार्थ पी. मल्होत्रा के मुताबिक फिल्म की कहानी के अनुरूप बड़े कलाकार और निर्माता अब तक नहीं मिल पाए हैं। ‘कमाल और मीना’ में मीना कुमारी और कमाल अमरोही के करीब 20 साल लंबे रिश्ते और उससे जुड़े उतार-चढ़ाव को दिखाया जाएगा।

1950 से 1970 के दौर पर आधारित इस पीरियड फिल्म का बजट करीब 50 से 60 करोड़ रुपये से अधिक बताया जा रहा है। इतने बड़े बजट की फिल्म के लिए ऐसे कलाकारों की जरूरत है, जो बॉक्स ऑफिस पर निवेश की भरपाई कर सकें। इसी वजह से फिल्म की कास्टिंग और निर्माण को लेकर अभी भी काम चल रहा है।

फिलहाल फिल्म की शूटिंग शुरू नहीं हुई है, लेकिन निर्माता के बयान से इतना स्पष्ट है कि मीना कुमारी की बायोपिक को बंद नहीं किया गया है। बड़े कलाकारों की तलाश पूरी होने के बाद फिल्म को आगे बढ़ाया जा सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!