IMG-20260825-WA0021

काशीपुर। देश में लगातार बढ़ रही महंगाई, को लेकर काशीपुर युवा कांग्रेस के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने महाराणा प्रताप चौक पर जोरदार प्रदर्शन किया। युवा कांग्रेस के जिला अध्यक्ष सारिम सैफी के नेतृत्व में आयोजित प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने भाजपा सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए सरकार का पुतला दहन किया। यह प्रदर्शन प्रदेश अध्यक्ष युवा कांग्रेस विशाल सिंह भोजाक के निर्देशानुसार आयोजित किया गया। प्रदर्शनकारी कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार पर महंगाई, शिक्षा और रोजगार जैसे जनहित के मुद्दों की अनदेखी करने का आरोप लगाया। कार्यकर्ताओं ने कहा कि लगातार बढ़ती महंगाई ने आम आदमी की कमर तोड़ दी है और रोजमर्रा की जरूरतों का सामान आम परिवारों की पहुंच से दूर होता जा रहा है। इस अवसर पर युवा कांग्रेस के जिला अध्यक्ष सारिम सैफी ने कहा कि देश में जिस तेजी से महंगाई बढ़ रही है, उससे गरीब और मध्यम वर्ग के परिवारों के सामने अपने घर का खर्च चलाना मुश्किल होता जा रहा है। उन्होंने कहा कि खाद्य पदार्थों और रोजमर्रा की आवश्यक वस्तुओं के दाम लगातार बढ़ रहे हैं। ऐसी स्थिति बनी रही तो वह दिन दूर नहीं जब गरीब की थाली से भोजन तक गायब होने की नौबत आ जाएगी। उन्होंने कहा कि सरकार महंगाई पर नियंत्रण करने के बड़े-बड़े दावे करती है, लेकिन जमीनी हकीकत इसके बिल्कुल विपरीत है। आम जनता को घर का राशन, बच्चों की पढ़ाई, बिजली-पानी, स्वास्थ्य और अन्य जरूरी खर्चों को पूरा करने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार को जनता की परेशानियों को गंभीरता से लेते हुए महंगाई पर तत्काल प्रभावी कदम उठाने चाहिए। काशीपुर महानगर कांग्रेस अध्यक्ष अलका पाल ने भी बढ़ती महंगाई को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि आज हर वर्ग महंगाई से परेशान है। विशेष रूप से त्योहारों के सीजन में खाद्य पदार्थों और मिठाइयों में इस्तेमाल होने वाली सामग्री के दाम बढ़ने से आम परिवारों का बजट बिगड़ गया है। उन्होंने कहा कि जिस तरह चीनी सहित कई जरूरी वस्तुओं के दाम बढ़ रहे हैं, उसे देखते हुए ऐसा लग रहा है कि इस बार लोगों को त्योहार बिना मिठाइयों के ही मनाने की मजबूरी हो सकती है। अलका पाल ने कहा कि जनता महंगाई से त्रस्त है, लेकिन सरकार के सिर पर जूं तक नहीं रेंग रही है। उन्होंने कहा कि आज महंगाई पर पर्याप्त चर्चा नहीं हो रही, शिक्षा के क्षेत्र में सामने आ रही समस्याओं पर बात नहीं हो रही और युवाओं के रोजगार के सवाल का भी संतोषजनक समाधान नहीं किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार जनता से जुड़े मूल मुद्दों से ध्यान भटकाने में लगी हुई है। उन्होंने कहा कि युवा देश का भविष्य हैं और छात्र-छात्राओं की समस्याओं तथा उनके अधिकारों की अनदेखी किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी। कांग्रेस लगातार जनता और युवाओं से जुड़े मुद्दों को लेकर संघर्ष करती रहेगी। उन्होंने दावा किया कि जनता हर मुद्दे का जवाब आगामी 2027 के विधानसभा चुनाव में देगी। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और महंगाई पर तत्काल अंकुश लगाने, छात्र-छात्राओं के हितों की रक्षा करने तथा केंद्रीय गृह मंत्री के इस्तीफे की मांग उठाई। पुतला दहन के दौरान कार्यकर्ताओं में सरकार के प्रति काफी आक्रोश दिखाई दिया। इस मौके पर महानगर कांग्रेस अध्यक्ष अलका पाल, युवा कांग्रेस जिला अध्यक्ष सारिम सैफी, मुशर्रफ हुसैन, अरुण चौहान, संदीप सहगल, जितेंद्र सरस्वती, अर्पित मेहरोत्रा, राजू छीना, सुभाष पाल, अनीस अंसारी, त्रिलोक सिंह अधिकारी, रवि ढींगरा सहित दर्जनों कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!