IMG-20260825-WA0048

काशीपुर। जिलाधिकारी ऊधम सिंह नगर के निर्देशों के क्रम में जनपद में दूध एवं दुग्ध उत्पादों की गुणवत्ता और खाद्य सुरक्षा को लेकर खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा विशेष निगरानी अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा विभाग की टीमों ने रुद्रपुर, बाजपुर और काशीपुर क्षेत्र में विभिन्न प्रतिष्ठानों पर छापेमारी एवं निरीक्षण की कार्रवाई की। अभियान के दौरान टीमों द्वारा दूध, पनीर एवं अन्य दुग्ध उत्पादों की गुणवत्ता की जांच के लिए नमूने भी एकत्र किए गए हैं। विभाग द्वारा प्राप्त नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जा रहा है, ताकि खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता एवं निर्धारित मानकों के अनुरूप होने की पुष्टि की जा सके। काशीपुर क्षेत्र में जिला प्रशासन एवं खाद्य सुरक्षा विभाग की संयुक्त टीम ने विभिन्न प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। टीम द्वारा गुरु अमृतसरी, अल्ली खां स्थित बिस्मिल्लाह होटल तथा शकील स्वीट्स पर छापेमारी की गई। निरीक्षण के दौरान तीनों प्रतिष्ठानों में साफ-सफाई की स्थिति संतोषजनक नहीं पाई गई। खाद्य प्रतिष्ठानों में स्वच्छता एवं हाइजीन संबंधी मानकों का पालन न किए जाने पर संबंधित संचालकों के विरुद्ध नियमानुसार चालानी कार्रवाई की गई।
कार्रवाई के दौरान टीम ने गुरु अमृतसरी से पनीर का नमूना तथा शकील स्वीट्स से बर्फी का नमूना जांच के लिए लिया। खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारियों के अनुसार नमूनों की जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद यदि खाद्य पदार्थ निर्धारित मानकों के विपरीत पाए जाते हैं तो नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। विभाग द्वारा जनपद में दूध एवं दुग्ध उत्पादों की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। इसके लिए अलग-अलग क्षेत्रों में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीमें लगातार निरीक्षण और नमूना संग्रह की कार्रवाई कर रही हैं। अभियान के तहत एक टीम रुद्रपुर क्षेत्र में तथा दूसरी टीम काशीपुर क्षेत्र में कार्रवाई कर रही है। खाद्य सुरक्षा विभाग ने खाद्य कारोबारियों को प्रतिष्ठानों में स्वच्छता बनाए रखने, खाद्य पदार्थों को निर्धारित मानकों के अनुरूप तैयार एवं संग्रहित करने तथा उपभोक्ताओं को गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि खाद्य सुरक्षा एवं स्वच्छता मानकों की अनदेखी करने वाले प्रतिष्ठानों के विरुद्ध आगे भी नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी। छापेमारी एवं निरीक्षण की कार्रवाई में सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा ललित मोहन पांडे तथा वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी अपर्णा शाह सहित संबंधित टीम के अधिकारी एवं कर्मचारी शामिल रहे। विभाग की इस कार्रवाई से खाद्य कारोबारियों में हड़कंप की स्थिति रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!