Screenshot_20260902_180913_WhatsApp

काशीपुर। भाजपा सरकार के खिलाफ युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बुधवार को महाराणा प्रताप चौक पर जोरदार धरना-प्रदर्शन किया। युवा कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष विशाल सिंह भोजक के निर्देशानुसार और जिला अध्यक्ष सारिम सैफी के नेतृत्व में आयोजित प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अपना विरोध दर्ज कराया। बाद में कार्यकर्ताओं ने भाजपा सरकार का पुतला दहन कर तीव्र आक्रोश व्यक्त किया। प्रदर्शन के दौरान युवा कांग्रेस नेताओं ने नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के खिलाफ दर्ज कराई गई एफआईआर को राजनीतिक दुर्भावना से प्रेरित और झूठा बताते हुए इसे वापस लेने की मांग की। कार्यकर्ताओं का कहना था कि विपक्ष की आवाज को दबाने के लिए सत्ता का दुरुपयोग नहीं किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में विपक्ष को अपनी बात रखने और सरकार से सवाल पूछने का पूरा अधिकार है। युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने हल्द्वानी में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की रैली के बाद समतीला मैदान में कथित रूप से किए गए शुद्धीकरण के मामले को भी प्रदर्शन का प्रमुख मुद्दा बनाया। कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि घटना को लेकर पर्याप्त समय बीतने के बावजूद संबंधित आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं की गई है। उन्होंने पुलिस-प्रशासन से मामले में निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ जल्द कार्रवाई की मांग की। जिला अध्यक्ष सारिम सैफी ने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता लोकतांत्रिक तरीके से अपनी आवाज उठा रहे हैं। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी के खिलाफ दर्ज एफआईआर को लेकर युवा कांग्रेस में रोष है। साथ ही खड़गे की रैली के बाद हुए कथित शुद्धीकरण प्रकरण में कार्रवाई नहीं होने से कार्यकर्ताओं में नाराजगी है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही संबंधित मामलों में उचित कार्रवाई नहीं की गई तो युवा कांग्रेस आंदोलन को और तेज करेगी। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और पुतला दहन कर अपना विरोध दर्ज कराया। युवा कांग्रेस नेताओं ने कहा कि वे जनहित और लोकतांत्रिक मूल्यों से जुड़े मुद्दों पर आगे भी आंदोलन जारी रखेंगे। प्रदर्शन में जिला अध्यक्ष सारिम सैफी, प्रदेश सचिव अजहर करसार, किसान कांग्रेस अध्यक्ष परम सिद्धू, आईटी सेल संयोजक शादान इकबाल, जिला महासचिव फैजान अंसारी, मोहम्मद सुब्हान, उवेश अंसारी, सलमान, जिला उपाध्यक्ष मोहम्मद जैद, सौरभ कश्यप, यश कुमार, पंकज विश्वास, मोहम्मद अयाज, जिला सचिव गौरव कुमार पुष्पक, संजीव चड्ढा, मरीब, मोहम्मद आसिफ, मोहम्मद तोहिद, मोहम्मद जेद, मोहम्मद सुहेल, अंकित प्रजापति समेत बड़ी संख्या में युवा कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!