IMG-20260904-WA0006

काशीपुर। भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव को लेकर शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक तैयारियां पूरी हो गई हैं। जन्माष्टमी के लिए मंदिरों को आकर्षक ढंग से सजाया गया है। शुक्रवार को श्रद्धालु पूरे उत्साह और श्रद्धाभाव के साथ श्रीकृष्ण जन्मोत्सव मनाएंगे। मंदिरों में विशेष पूजा-अर्चना, भजन-कीर्तन और धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
शहर के मोहल्ला किला स्थित श्री बालाजी मंदिर, गायत्री देवी मंदिर, मां मनसा देवी मंदिर, श्री नागनाथ मंदिर, मां बाल सुंदरी देवी मंदिर, बड़े हनुमान मंदिर, चामुंडा देवी मंदिर और मां शीतला देवी मंदिर समेत अन्य मंदिरों को आकर्षक रूप दिया गया है। मंदिरों में रंग-बिरंगी रोशनी और फूलों से सजावट की गई है। जन्माष्टमी पर भगवान श्रीकृष्ण के बाल स्वरूप के दर्शन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। गंगे बाबा मंदिर के महंत लखनदास महाराज ने बताया कि जन्माष्टमी के अवसर पर मंदिर परिसर में विशेष सजावट की गई है। यहां बनाई गई बाबा अमरनाथ जी की गुफा श्रद्धालुओं के आकर्षण का प्रमुख केंद्र रहेगी। गुफा को देखने और भगवान के दर्शन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद है। वहीं रेणुका माता मंदिर मनोकामना ओंकारेश्वर धाम के अध्यक्ष पंडित मोहन प्रसाद जगूड़ी शास्त्री ने बताया कि इस बार जन्माष्टमी पर अष्टमी तिथि और रोहिणी नक्षत्र का विशेष संयोग बन रहा है। मान्यता है कि भगवान श्रीकृष्ण का जन्म रोहिणी नक्षत्र में हुआ था। उन्होंने बताया कि करीब 15 साल बाद इस बार जन्माष्टमी पर अष्टमी तिथि और रोहिणी नक्षत्र का यह संयोग बन रहा है, जिससे श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह है श्रीकृष्ण जन्मोत्सव को लेकर मंदिर समितियों ने भी तैयारियां पूरी कर ली हैं। रात में श्रीकृष्ण जन्म के समय मंदिरों में विशेष आरती और पूजा-अर्चना के साथ प्रसाद वितरण किया जाएगा। शहर के बाजारों में भी जन्माष्टमी को लेकर रौनक देखने को मिल रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!