Screenshot_20260905_080303_Gallery

काशीपुर। मौसम में लगातार हो रहे उतार-चढ़ाव का असर लोगों की सेहत पर पड़ रहा है। सुबह-शाम हल्की ठंड और दिन में तेज उमस के चलते क्षेत्र में वायरल बुखार के मरीजों की संख्या तेजी से बढ़ रही है। एलडी भट्ट उप जिला चिकित्सालय के साथ ही निजी अस्पतालों और क्लीनिकों में मरीजों की लंबी कतारें लग रही हैं। एलडी भट्ट उप जिला चिकित्सालय में सामान्य दिनों में जहां सैंकड़ो मरीज प्रतिदिन ओपीडी में पहुंचते हैं, वहीं इन दिनों यह संख्या बहुत बढ़ गई है। चिकित्सकों के अनुसार ओपीडी में आने वाले मरीजों में करीब 60 प्रतिशत बुखार, खांसी-जुकाम और बदन दर्द की शिकायत लेकर पहुंच रहे हैं फिजीशियन डॉ. वरुण भारद्वाज ने बताया कि अधिकांश मरीजों में तीन से पांच दिन तक तेज बुखार, बदन व जोड़ों में दर्द, गले में खराश, सिरदर्द और अत्यधिक थकान जैसे लक्षण दिखाई दे रहे हैं। उन्होंने लोगों को बुखार होने पर बिना चिकित्सकीय सलाह के एंटीबायोटिक या अन्य दवाएं लेने से बचने की सलाह दी। बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. राजीव पुनेठा ने बताया कि बच्चों और बुजुर्गों पर वायरल का अधिक असर देखने को मिल रहा है। कई बच्चों में बुखार के साथ उल्टी-दस्त की शिकायत भी सामने आ रही है। चिकित्सकों के मुताबिक रुक-रुककर हो रही बारिश, जलभराव और बढ़ी हुई उमस के कारण संक्रमण फैलने की संभावना बढ़ गई है।

चिकित्सकों ने दी सावधानी बरतने की सलाह

चिकित्सकों ने लोगों को साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखने और पानी को उबालकर या फिल्टर करने के बाद पीने की सलाह दी है। खुले में रखे कटे फलों और बासी भोजन से बचने, भीड़भाड़ वाली जगहों पर मास्क का प्रयोग करने तथा पर्याप्त आराम लेने को कहा गया है। चिकित्सकों के अनुसार यदि बुखार दो दिन से अधिक समय तक बना रहे तो चिकित्सकीय परामर्श लेकर आवश्यक ब्लड टेस्ट कराना चाहिए। साथ ही बुखार आने पर स्वयं दवा लेने के बजाय डॉक्टर से सलाह लेना बेहतर है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!