IMG-20260909-WA0054

काशीपुर। जिलाधिकारी उधम सिंह नगर नितिन सिंह भदौरिया के निर्देशानुसार खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित

काशीपुर। जिलाधिकारी उधम सिंह नगर नितिन सिंह भदौरिया के निर्देशानुसार खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने बुधवार को काशीपुर क्षेत्र में अभियान चलाया। वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी अपर्णा शाह के नेतृत्व में टीम ने विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया और संदेह के आधार पर खाद्य पदार्थों के नमूने लेकर जांच के लिए भेजे। अभियान के दौरान टीम ने कुल पांच दुकानों/प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। इस दौरान साफ-सफाई, खाद्य पदार्थों के रखरखाव, पैकेजिंग, बिक्री एवं खाद्य सामग्री की गुणवत्ता से संबंधित व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया। टीम ने परमानंदपुर स्थित विवेक स्वीट्स एंड किराना स्टोर का निरीक्षण किया। दुकान के स्वामी ध्रुव (आकाश पाल), पुत्र श्री जसपाल सिंह के प्रतिष्ठान से बेसन के लड्डू, मसूर दाल और हल्दीराम की नमकीन के नमूने लिए गए। इसके अलावा नई सब्जी मंडी स्थित न्यू भारत डेयरी का निरीक्षण कर प्रतिष्ठान के स्वामी मोहम्मद राशिद, पुत्र श्री इब्ने हसन से घी का नमूना लिया गया। वहीं सिटी डेयरी के स्वामी अनीस, पुत्र श्री शफी अहमद के प्रतिष्ठान से भी घी का सैंपल लिया गया। इसी क्रम में टीम ने लक्ष्मी डेयरी का निरीक्षण भी किया। खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा लिए गए सभी नमूनों को निर्धारित प्रक्रिया के तहत जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जाएगा। जांच रिपोर्ट के आधार पर खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता के संबंध में आगे की कार्रवाई की जाएगी। वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी अपर्णा शाह ने बताया कि खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और लोगों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए विभाग की ओर से नियमित रूप से निरीक्षण और सैंपलिंग की कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने खाद्य कारोबारियों से खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन करने, साफ-सफाई बनाए रखने तथा उपभोक्ताओं को गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने की अपील की। खाद्य सुरक्षा विभाग की इस कार्रवाई से खाद्य कारोबारियों में भी हड़कंप की स्थिति बनी रही। विभाग ने स्पष्ट किया कि खाद्य पदार्थों में मिलावट अथवा निर्धारित मानकों का उल्लंघन पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!