
काशीपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सेवाकाल के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर भाजपा की ओर से ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। काशीपुर भाजपा जिला कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में जिला अध्यक्ष मनोज पाल ने अभियान की जानकारी दी।मनोज पाल ने बताया कि अभियान की शुरुआत 17 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर की जाएगी। इस दौरान विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों की सूची राज्य सरकार द्वारा बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं तक पहुंचाई जाएगी। 17 सितंबर को बूथ स्तर पर कार्यकर्ता लाभार्थी परिवारों के घर पहुंचकर उन्हें प्रधानमंत्री के दीर्घायु एवं स्वस्थ जीवन की शुभकामनाएं देंगे तथा आशीर्वाद प्राप्त करेंगे। उन्होंने बताया कि प्रत्येक बूथ पर परिवारों द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर सेवा संकल्प अभियान में सहभागिता की जाएगी। प्रत्येक दीप प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के जनसेवा कार्यों के प्रति आभार और ‘विकसित भारत 2047’ के सामूहिक संकल्प का प्रतीक होगा। अभियान के दौरान ‘25 करोड़ बच्चों के सपनों का भारत’, ‘नमो सेवा गाथा’ सहित विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके साथ ही राष्ट्रव्यापी ड्राइंग एवं भाषण प्रतियोगिताओं का आयोजन भी होगा। भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा सेवा और जनसरोकार से जुड़े विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से अभियान को व्यापक रूप दिया जाएगा।
जिला अध्यक्ष ने बताया कि अभियान के दौरान पार्टी के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता विभिन्न कार्यक्रमों में सक्रिय रूप से सहभागिता करेंगे। प्रेस वार्ता में जिला महामंत्री सुशील शर्मा, जिला अध्यक्ष युवा प्रशांत पंडित, जिला उपाध्यक्ष सौरभ आहूजा बंसल, सृष्टि आहूजा बंसल समेत अन्य भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।

जुगनू खान
संपादक – जुगनू खबर
पता – काशीपुर, 244712
संपर्क – 6396151800
