





काशीपुर। काशीपुर नगर निगम क्षेत्र में विकास कार्यों को गति देने के क्रम में महापौर दीपक बाली नेआज सोमवार को महाराणा प्रताप चौक के सौंदर्यीकरण कार्य का शुभारंभ किया और इसके लिए प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की प्रशंसा करते हुए उनका आभार जताया।
महापौर दीपक बाली ने बताया कि करीब चार करोड़ 95 लाख रुपये की लागत से चौक के प्रथम चरण में सौंदर्यीकरण एवं विकास कार्य कराया जाएगा। महापौर ने कहा कि काशीपुर में आठ प्रमुख चौराहों के सौंदर्यीकरण किए जाएंगे और आने वाले समय में शहर के अन्य प्रमुख चौराहों पर भी कार्य होता दिखाई देगा।महापौर दीपक बाली ने प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और भाजपा सरकार का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सरकार के स्तर से काशीपुर के विकास के लिए लगातार कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि उनके द्वारा महाराणा प्रताप चौक सहित अन्य चौराहों के विकास का प्रयास करीब दस महीने पहले शुरू किया गया था, जिसका परिणाम अब धरातल पर दिखाई देने लगा है।
उन्होंने बताया कि महाराणा प्रताप चौक के सौंदर्यीकरण का यह प्रथम चरण है। इसके बाद दूसरे चरण में मुख्य बाजार की ओर जाने वाली सड़क और चौक के प्रवेश द्वार को भी योजना में शामिल करते हुए निर्माण एवं सौंदर्यीकरण कराया जाएगा। इसके लिए ड्रॉइंग और डिजाइन तैयार किया जा रहा है।
महापौर ने कहा कि आठ प्रमुख चौराहों के विकास की योजना में अन्य चौराहों पर भी आने वाले समय में कार्य शुरू होंगे। उन्होंने बताया कि गुरु नानक साहिब चौक के नामकरण से जुड़े कार्य की वर्किंग ड्रॉइंग तैयार की जा रही है और अगले आठ से दस दिनों में वहां भी कार्य शुरू होने की संभावना है।
काशीपुर की लंबे समय से चली आ रही जलभराव की समस्या को लेकर महापौर ने बताया कि शहर के लिए लगभग 800 करोड़ रुपये का व्यापक ड्रेनेज प्लान तैयार किया गया है। इसके प्रथम चरण की लागत करीब 200 करोड़ रुपये बताई गई है और इसकी टेंडर प्रक्रिया अंतिम चरण में है। औपचारिकताएं पूरी होने के बाद प्रथम चरण का काम जल्द शुरू होने की उम्मीद है।
उन्होंने कहा कि ड्रेनेज प्लान केवल किसी एक क्षेत्र को ध्यान में रखकर नहीं, बल्कि पूरे काशीपुर की जल निकासी व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए तैयार किया गया है। इसके तहत जहां नालों की क्षमता कम है, वहां उन्हें चौड़ा किया जाएगा, जहां नालियों को ढकने की आवश्यकता है वहां उन्हें कवर किया जाएगा और जहां जल निकासी के लिए नए निर्माण की जरूरत है, वहां नए नालों व नालियों का निर्माण भी किया जाएगा।
महापौर ने कहा कि गेबिया नाला, , राधेश्याम बिल्डिंग के आगे से गुजरने वाले नाले तथा मुरादाबाद रोड सहित शहर के विभिन्न क्षेत्रों की जल निकासी व्यवस्था को योजनाबद्ध तरीके से व्यवस्थित किया जाएगा। उन्होंने उम्मीद जताई कि ड्रेनेज प्लान के पूरा होने के बाद काशीपुर की वर्षों पुरानी जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान हो जाएगा ।
महापौर ने कहा कि चौराहों के सौंदर्यीकरण और ड्रेनेज व्यवस्था सहित विभिन्न विकास कार्य काशीपुर की जनता को समर्पित हैं और आने वाले समय में इन योजनाओं का असर शहर की शानदार तस्वीर और नागरिक सुविधाओं के रूप में दिखाई देगा। इस अवसर पर जिला विकास प्राधिकरण के सहायक अभियंता उत्कर्ष पांडे ठेकेदार एसके चौहान आशीष चौहान तुषार चौहान संजीव यादव मनीष चौहान पार्षद दीपा पाठक पार्षद एवं भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता गुरविंदर सिंह चंडोक पार्षद पुष्कर बिष्ट, प्रकाश नेगी नामित पार्षद नितिन गोले भाजपा नेता रजत सिद्धू सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।

जुगनू खान
संपादक – जुगनू खबर
पता – काशीपुर, 244712
संपर्क – 6396151800
