IMG-20260927-WA0021

काशीपुर। आम आदमी पार्टी की ओर से रविवार को काशीपुर विधानसभा क्षेत्र में कार्यकर्ता सम्मेलन एवं संगठन विस्तार कार्यक्रम का आयोजन किया गया। सम्मेलन में पार्टी के प्रदेश सह प्रभारी डॉ. युवराज भारद्वाज, प्रदेश अध्यक्ष श्रीमती उमा सिसौदिया, किसान नेता जगतार सिंह बाजवा तथा प्रदेश संगठन महासचिव श्याम बाबू पांडे सहित पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम में काशीपुर विधानसभा क्षेत्र से पार्टी से सम्भावित प्रत्याशी एडवोकेट उदित बंसल, पिरान कलियर से पूर्व आप प्रत्याशी एवं आप अल्पसंख्यक मोर्चे के प्रदेश अध्यक्ष इंजीनियर शादाब आलम, आप के पूर्व महानगर अध्यक्ष चंदन सूर्यवंशी सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं स्थानीय लोग शामिल हुए। सम्मेलन के दौरान पार्टी नेताओं ने संगठन की रीति-नीति, आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों तथा उत्तराखंड के लिए पार्टी के प्रस्तावित विजन को लेकर कार्यकर्ताओं से विस्तार से चर्चा की।

नेताओं ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए संगठन को विधानसभा क्षेत्र से लेकर बूथ स्तर तक मजबूत करने की आवश्यकता है। इसके लिए कार्यकर्ताओं से क्षेत्र में लगातार जनसंपर्क करने, स्थानीय समस्याओं को समझने तथा आम जनता तक पार्टी की नीतियों एवं कार्यक्रमों को पहुंचाने का आह्वान किया गया। कार्यक्रम में दिल्ली और पंजाब में आम आदमी पार्टी की सरकारों के कामकाज का उल्लेख करते हुए वक्ताओं ने कहा कि पार्टी उत्तराखंड में भी शिक्षा, स्वास्थ्य, बिजली, पानी, सड़क और रोजगार जैसे मुद्दों को प्रमुखता से जनता के बीच ले जाने की तैयारी कर रही है। सम्मेलन में संगठन के विस्तार के साथ ही आगामी चुनाव के लिए बूथ स्तर पर कार्यकर्ताओं की सक्रियता बढ़ाने पर विशेष जोर दिया गया इस मौके पर काशीपुर विधानसभा क्षेत्र से आम आदमी पार्टी से सम्भावित प्रत्याशी एडवोकेट उदित बंसल ने कहा कि काशीपुर विधानसभा क्षेत्र में लंबे समय से कई स्थानीय समस्याएं बनी हुई हैं। इन समस्याओं को ध्यान में रखते हुए आम आदमी पार्टी आगामी विधानसभा चुनाव में जनता के बीच जाएगी। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं, सड़क, बिजली, पानी, जलभराव, यातायात, स्वच्छता, रोजगार और विकास से जुड़े अनेक विषय ऐसे हैं, जिन पर जनता लगातार समाधान की अपेक्षा कर रही है।
उदित बंसल ने कहा कि चुनाव केवल राजनीतिक मुद्दों तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि काशीपुर की स्थानीय जरूरतों और आम नागरिकों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया जाएगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में लोगों के बीच जाएं, उनकी समस्याएं सुनें और संगठन को मजबूत करने के साथ-साथ जनसरोकार के मुद्दों को पार्टी के मंच तक पहुंचाएं। उन्होंने कहा कि जनता के साथ निरंतर संवाद के माध्यम से ही क्षेत्र की वास्तविक समस्याओं को समझकर उनके समाधान की दिशा में ठोस प्रयास किए जा सकते हैं।

कार्यकर्ताओं को बूथ स्तर तक सक्रिय करने पर जोर : डॉ. युवराज भारद्वाज

पार्टी के उत्तराखंड सह प्रभारी डॉ. युवराज भारद्वाज ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए संगठन को मजबूत करने की प्रक्रिया लगातार आगे बढ़ाई जा रही है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से विधानसभा क्षेत्र के प्रत्येक हिस्से में सक्रिय रहने और जनता के बीच पार्टी की नीतियों एवं कार्यक्रमों को पहुंचाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि पार्टी का उद्देश्य संगठन को बूथ स्तर तक सक्रिय करना है, ताकि कार्यकर्ता स्थानीय लोगों के साथ निरंतर संपर्क में रहें और उनके मुद्दों को समझ सकें। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आपसी समन्वय के साथ संगठन विस्तार अभियान को आगे बढ़ाने पर जोर दिया।

संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने पर जोर : उमा सिसौदिया

आम आदमी पार्टी की प्रदेश अध्यक्ष श्रीमती उमा सिसौदिया ने कार्यकर्ताओं से संगठन को मजबूत करने और जनता के बीच लगातार संपर्क बनाए रखने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव की तैयारियों के लिए पार्टी संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने की दिशा में काम कर रही है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि वे पार्टी की नीतियों, कार्यक्रमों और प्रस्तावित विजन को आम जनता तक पहुंचाएं तथा क्षेत्रीय समस्याओं को प्रमुखता से उठाएं।
उमा सिसौदिया ने कहा कि संगठन की वास्तविक मजबूती कार्यकर्ताओं की सक्रियता और जनता के साथ निरंतर संवाद से होती है। इसलिए प्रत्येक कार्यकर्ता को अपने क्षेत्र में जिम्मेदारी के साथ काम करते हुए अधिक से अधिक लोगों को संगठन से जोड़ने का प्रयास करना चाहिए।

उत्तराखंड में आप से जुड़ रहे लोग : शादाब आलम

आप अल्पसंख्यक मोर्चे के प्रदेश अध्यक्ष एवं पिरान कलियर से पूर्व प्रत्याशी इंजीनियर शादाब आलम ने कहा कि उत्तराखंड में आम आदमी पार्टी को लेकर लोगों में रुचि बढ़ रही है और विभिन्न क्षेत्रों से लोग पार्टी के विचारों से जुड़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि दिल्ली में पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व में आम आदमी पार्टी की सरकार द्वारा किए गए कार्यों और दिल्ली मॉडल की चर्चा उत्तराखंड में भी हो रही है। शादाब आलम ने कहा कि शिक्षा, स्वास्थ्य, बिजली, पानी और जनसुविधाओं जैसे मुद्दों पर दिल्ली में किए गए कार्यों को लोग अपने स्तर पर देख और समझ रहे हैं। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी उत्तराखंड में भी जनता से जुड़े मुद्दों को लेकर लगातार अपनी गतिविधियां बढ़ा रही है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचने और पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।

जनहित के मुद्दों पर जनता के बीच जाएगी आप : चंदन सूर्यवंशी

आप के पूर्व महानगर अध्यक्ष चंदन सूर्यवंशी ने कहा कि काशीपुर में बिजली, पानी और सड़क जैसी मूलभूत समस्याओं को लेकर आम नागरिकों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि पिछले कई वर्षों से भाजपा की सरकार होने के बावजूद क्षेत्र की जनता से जुड़े इन मुद्दों का अपेक्षित समाधान नहीं हो सका है। चंदन सूर्यवंशी ने कहा कि आम आदमी पार्टी आगामी 2027 के विधानसभा चुनाव में इन्हीं जनहित के मुद्दों को लेकर जनता के बीच जाएगी। उन्होंने कहा कि संगठन के कार्यकर्ता क्षेत्र के अलग-अलग हिस्सों में जाकर जनता से संवाद करेंगे और स्थानीय समस्याओं को सामने लाने का काम करेंगे। उनका कहना था कि संगठन की मजबूती के लिए कार्यकर्ताओं को बूथ स्तर तक सक्रिय करना पार्टी की प्राथमिकताओं में शामिल है।

सम्मेलन के दौरान पार्टी नेताओं ने कार्यकर्ताओं से क्षेत्र में संगठन को मजबूत करने, अधिक से अधिक लोगों को पार्टी से जोड़ने तथा आम आदमी पार्टी की नीतियों एवं कार्यक्रमों को जनता तक पहुंचाने का आह्वान किया। वक्ताओं ने कहा कि संगठन की मजबूती आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।बइसके लिए विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न इलाकों में कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने और जनसंपर्क अभियान को गति देने की रणनीति पर चर्चा की गई। नेताओं ने कार्यकर्ताओं से स्थानीय स्तर पर जनता की समस्याओं को प्रमुखता से उठाने तथा संगठनात्मक गतिविधियों को नियमित रूप से संचालित करने को कहा। कार्यक्रम में प्रदेश एवं जिला स्तर के पदाधिकारियों के साथ बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे। सम्मेलन के दौरान संगठन विस्तार, आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों और काशीपुर विधानसभा क्षेत्र में पार्टी की गतिविधियों को आगे बढ़ाने को लेकर कार्यकर्ताओं में उत्साह देखने को मिला।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *