
काशीपुर। खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने आज काशीपुर क्षेत्र में खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की जांच के लिए चार नमूने लिए। यह कार्रवाई वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी अपर्णा शाह द्वारा की गई। खाद्य सुरक्षा अधिकारी अपर्णा शाह के अनुसार निरीक्षण के दौरान काशीपुर में कुल तीन दुकानों का निरीक्षण किया गया तथा विभिन्न खाद्य पदार्थों के चार नमूने लिए गए। सभी नमूनों को नियमानुसार जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जाएगा। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता के संबंध में आगे की कार्रवाई की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान महेशपुरा, काशीपुर स्थित एम/एस शनि चाय एंड स्वीट्स कॉर्नर का निरीक्षण किया गया। प्रतिष्ठान संचालक शनि चंद्र, पुत्र अशोक चंद्र के यहां से खुली चायपत्ती का नमूना लिया गया। इसके बाद रामनगर रोड, काशीपुर स्थित चाय-चूरी प्रतिष्ठान का निरीक्षण किया गया। यहां प्रतिष्ठान संचालक नवप्रीत सिंह, पुत्र गुरमीत सिंह के प्रतिष्ठान से खुले पनीर का नमूना लिया गया। इसी क्रम में एम/एस अरोड़ा किराना स्टोर, काशीपुर का निरीक्षण किया गया। प्रतिष्ठान संचालक अशोक अरोड़ा, पुत्र हरिश चंद्र अरोड़ा के यहां से मैगी तथा मैगी टोमैटो कैचअप के नमूने लिए गए। खाद्य सुरक्षा विभाग की इस कार्रवाई से खाद्य कारोबारियों में भी हड़कंप की स्थिति रही। विभाग द्वारा लिए गए नमूनों की प्रयोगशाला जांच के बाद रिपोर्ट के आधार पर खाद्य सुरक्षा एवं मानकों के अनुरूप आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों ने खाद्य कारोबारियों से खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता एवं स्वच्छता मानकों का पालन करने की अपेक्षा की है।

जुगनू खान
संपादक – जुगनू खबर
पता – काशीपुर, 244712
संपर्क – 6396151800
