Screenshot_20261004_080105_Google

जसपुर। स्थानीय पीएमश्री नेहरू राजकीय इंटर कॉलेज के छात्र-छात्राओं ने अपनी खेल प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए ब्लॉक स्तरीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता में शानदार जीत दर्ज की है। कॉलेज के खिलाड़ियों ने शानदार खेल भावना और कड़े अभ्यास के दम पर कुल 44 पदक जीतकर लगातार दूसरी बार चैंपियनशिप की ट्रॉफी पर अपना कब्जा जमाकर नेहरू राजकीय इंटर कॉलेज का दबदबा पूरी तरह कायम रहा। प्रधानाचार्य बृजमोहन लाल ने सभी विजेता खिलाड़ियों को मेडल और ट्रॉफी देकर सम्मानित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस ऐतिहासिक और गौरवमयी उपलब्धि पर जसपुर से आम आदमी पार्टी (AAP) के वरिष्ठ नेता सूबा सिंह ने पीएमश्री नेहरू राजकीय इंटर कॉलेज के सभी विजेता खिलाड़ियों, शिक्षकों और कॉलेज परिवार को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। वरिष्ठ नेता सरदार सूबा सिंह ने अपने संदेश में कहा की हमारे क्षेत्र के प्रतिभावान छात्र-छात्राओं ने ब्लॉक स्तरीय प्रतियोगिता में 18 स्वर्ण पदकों सहित कुल 44 पदक जीतकर जसपुर का नाम पूरे क्षेत्र में रोशन किया है। लगातार दूसरी बार चैंपियन बनना यह दर्शाता है कि हमारे युवाओं में असीम प्रतिभा और ऊर्जा है। कठिन परिश्रम और सही मार्गदर्शन से हमारे बच्चे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी देश का मान बढ़ा सकते हैं। उन्होंने विशेष रूप से व्यक्तिगत चैंपियनशिप जीतने वाली बालिकाओं और बालकों की सराहना करते हुए कहा कि खेलों से न केवल शारीरिक और मानसिक विकास होता है, बल्कि अनुशासन और नेतृत्व क्षमता भी विकसित होती है। सूबा सिंह ने सभी खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि क्षेत्र में खेल प्रतिभाओं को निखारने और उन्हें बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए हर संभव प्रयास और प्रोत्साहन दिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *