October 6, 2026
IMG-20261006-WA0004

राज्य अल्पसंख्यक हुनर परिषद के नवनियुक्त उपाध्यक्ष का भाजपा कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों ने किया स्वागत

काशीपुर। राज्य अल्पसंख्यक हुनर परिषद के नवनियुक्त उपाध्यक्ष एवं राज्य मंत्री का दर्जा प्राप्त डॉ. यूनुस चौधरी का मंगलवार को मुरादाबाद रोड स्थित एक रेस्टोरेंट में भाजपा कार्यकर्ताओं और स्थानीय ग्रामीणों ने स्वागत किया। सरवरखेड़ा ग्रामीणों द्वारा आयोजित स्वागत कार्यक्रम में बड़ी संख्या में समर्थक और शुभचिंतक पहुंचे। उन्होंने डॉ. यूनुस चौधरी को नई जिम्मेदारी मिलने पर बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल कार्यकाल की कामना की। स्वागत कार्यक्रम के दौरान कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं से डॉ. यूनुस चौधरी का अभिनंदन किया। इस मौके पर अल्पसंख्यक समुदाय के युवाओं और महिलाओं को हुनरमंद बनाकर उन्हें रोजगार से जोड़ने तथा पारंपरिक हुनर को नई पहचान दिलाने को लेकर चर्चा की गई। स्थानीय लोगों ने उम्मीद जताई कि परिषद के माध्यम से क्षेत्र के युवाओं को प्रशिक्षण और रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में प्रभावी कार्य किया जाएगा।
इस दौरान डॉ. यूनुस चौधरी से राज्य अल्पसंख्यक हुनर परिषद की भूमिका, युवाओं को रोजगार से जोड़ने, महिलाओं के कौशल विकास तथा पारंपरिक हुनर को बढ़ावा देने को लेकर विशेष बातचीत की गई। उन्होंने कहा कि परिषद का उद्देश्य हुनर को केवल पहचान दिलाना नहीं, बल्कि उसे आधुनिक समय की जरूरतों के अनुरूप विकसित कर आय का माध्यम बनाना है। डॉ. यूनुस चौधरी ने कहा कि क्षेत्र में मौजूद पारंपरिक हुनर की पहचान कर उन्हें आधुनिक प्रशिक्षण दिया जाएगा। साथ ही बाजार की मांग को ध्यान में रखते हुए प्रशिक्षण और कौशल विकास पर जोर दिया जाएगा, जिससे हुनरमंद लोगों को अपने उत्पाद और सेवाओं के लिए बेहतर बाजार मिल सके। उन्होंने कहा कि युवाओं को कौशल से जोड़कर उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में काम किया जाएगा। उन्होंने महिलाओं के कौशल विकास को भी महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि महिलाओं में अनेक प्रकार के पारंपरिक और घरेलू हुनर मौजूद हैं। जरूरत है कि उन्हें उचित प्रशिक्षण, तकनीकी जानकारी और बाजार उपलब्ध कराया जाए। इससे महिलाएं अपने हुनर को स्वरोजगार में बदलकर परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत करने में योगदान दे सकेंगी। डॉ. यूनुस चौधरी ने नई जिम्मेदारी के लिए भाजपा के शीर्ष नेतृत्व का आभार जताते हुए कहा कि पार्टी नेतृत्व ने उन पर जो विश्वास जताया है, उस पर खरा उतरने का पूरा प्रयास करेंगे। परिषद के माध्यम से जरूरतमंद और हुनरमंद लोगों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के साथ ही युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के लिए प्रभावी प्रयास किए जाएंगे। इस दौरान बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता, स्थानीय ग्रामीण, समर्थक और शुभचिंतक मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!