October 11, 2026
Screenshot_20261011_140742_WhatsApp

डॉक्टर लाइन में छोले-भटूरे की दुकानों के आसपास बिगड़ रही यातायात व्यवस्था

मंदिर के पास भी लग रहा जाम; लोगों ने की कार्रवाई की मांग

काशीपुर।शहर की सड़कों पर लगने वाले जाम के लिए अक्सर ई-रिक्शा को जिम्मेदार ठहराया जाता है, लेकिन रतन सिनेमा रोड स्थित डॉक्टर लाइन में सड़क किनारे बेतरतीब ढंग से खड़े वाहन भी यातायात व्यवस्था को प्रभावित कर रहे हैं। यहां छोले-भटूरे की दुकानों के आसपास वाहनों के आड़े-तिरछे खड़े होने से सड़क पर आवागमन बाधित हो रहा है। इसके चलते राहगीरों और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों के अनुसार, रतन सिनेमा रोड स्थित डॉक्टर लाइन में छोले-भटूरे की दुकानों पर ग्राहकों की आवाजाही बनी रहती है। इस दौरान कई ग्राहक अपने वाहन सड़क के किनारे या आड़े-तिरछे खड़े कर देते हैं। इससे सड़क पर वाहनों के निकलने के लिए पर्याप्त जगह नहीं बचती और धीरे-धीरे जाम की स्थिति बनने लगती है। व्यस्त मार्ग पर यातायात प्रभावित होने से दोपहिया और चारपहिया वाहन चालकों के साथ पैदल चलने वाले लोगों को भी दिक्कतें उठानी पड़ती है! लोगों का कहना है कि दुकानों पर ग्राहकों की भीड़ के बीच वाहनों को व्यवस्थित तरीके से खड़ा नहीं किया जा रहा है। इसका खामियाजा सड़क से गुजरने वाले दूसरे लोगों को भुगतना पड़ रहा है। कारोबार के लिए आने वाले ग्राहकों के वाहनों की उचित पार्किंग व्यवस्था नहीं होने से सड़क पर दबाव बढ़ जाता है। स्थानीय लोगों का मानना है कि यदि वाहन निर्धारित स्थान पर खड़े किए जाएं और सड़क पर अनावश्यक रूप से पार्किंग न होने दी जाए तो काफी हद तक जाम की समस्या को कम किया जा सकता है। माता मंदिर रोड पर मंदिर के समीप भी जाम लगने से लोगों को आवागमन में मुश्किलों का सामना करना पड़ता है। इन दिनों शारदीय नवरात्र का पर्व होने के कारण मंदिरों में दर्शन-पूजन के लिए श्रद्धालुओं की आवाजाही बनी हुई है। ऐसे में सड़क पर वाहनों के बेतरतीब खड़े होने से श्रद्धालुओं सहित अन्य राहगीरों की परेशानी और बढ़ सकती है। पर्व के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखना जरूरी है, ताकि लोगों को मंदिर आने-जाने में किसी तरह की असुविधा न हो। स्थानीय लोगों ने पुलिस प्रशासन से रतन सिनेमा रोड और डॉक्टर लाइन क्षेत्र में यातायात व्यवस्था का निरीक्षण कराने की मांग की है। उनका कहना है कि सड़क पर आड़े-तिरछे वाहन खड़े करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जानी चाहिए। साथ ही दुकानों के आसपास वाहनों की पार्किंग को व्यवस्थित करने के लिए भी आवश्यक कदम उठाए जाने चाहिए। लोगों का कहना है कि समय रहते व्यवस्था में सुधार किया जाए तो जाम की समस्या से राहत मिल सकती है और व्यस्त मार्ग पर आवागमन सुचारु बनाया जा सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!