





ऑनलाइन धोखाधड़ी, डिजिटल अरेस्ट और सोशल मीडिया अपराधों के प्रति छात्राओं को किया जागरूक, ओटीपी व पासवर्ड साझा न करने की दी सलाह
काशीपुर। चंद्रावती तिवारी कन्या स्नातकोत्तर महाविद्यालय, काशीपुर की राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई की ओर से साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से साइबर सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को बढ़ते साइबर अपराधों के प्रति सचेत करना और डिजिटल माध्यमों का सुरक्षित उपयोग करने के लिए प्रेरित करना रहा। कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में पहुंचे सीनियर सब इंस्पेक्टर हेमचंद्र तिवारी का महाविद्यालय की प्रभारी प्राचार्य डॉ. दीपिका आत्रेय ने बुके भेंट कर स्वागत किया। इस दौरान हेमचंद्र तिवारी ने विद्यार्थियों को ऑनलाइन धोखाधड़ी, फर्जी फोन कॉल, डिजिटल अरेस्ट और सोशल मीडिया के माध्यम से होने वाले साइबर अपराधों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में डिजिटल तकनीक के बढ़ते इस्तेमाल के साथ साइबर अपराधों के मामले भी सामने आ रहे हैं। ऐसे में प्रत्येक व्यक्ति को ऑनलाइन गतिविधियों के दौरान सतर्क रहने की आवश्यकता है। साइबर ठग लोगों को अलग-अलग तरीकों से अपने जाल में फंसाने का प्रयास करते हैं। इसलिए किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ ओटीपी, पासवर्ड या अन्य गोपनीय जानकारी साझा नहीं करनी चाहिए। साथ ही, संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने से बचना चाहिए और किसी भी अनजान कॉल पर अपनी व्यक्तिगत या बैंकिंग संबंधी जानकारी नहीं देनी चाहिए।
उन्होंने डिजिटल अरेस्ट जैसे मामलों के प्रति भी सचेत करते हुए विद्यार्थियों को साइबर अपराधों से बचाव के उपायों की जानकारी दी। कार्यक्रम के माध्यम से छात्राओं को जागरूक रहकर डिजिटल सुविधाओं का सुरक्षित इस्तेमाल करने का संदेश दिया गया। कार्यक्रम के अंत में महाविद्यालय की कार्यक्रम अधिकारी डॉ. वंदना सिंह ने मुख्य वक्ता एसआई हेमचंद्र तिवारी, एसआई मीना रावत, प्रकाश बोरा, गौरव सनवाल तथा उनकी पूरी टीम का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर कार्यक्रम अधिकारी डॉ. गीता मेहरा, एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. रमा अरोरा, असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. दीपा चनियाल, डॉ. अंजलि गोस्वामी, डॉ. रंजना, डॉ. ज्योति रावत, श्रीमती शीतल अरोरा, डॉ. ज्योति गोयल, श्रीमती प्राची धौलाखंडी, श्रीमती कृति टंडन, श्री विजेंद्र चौधरी और कु. सृष्टि सिंह सहित महाविद्यालय के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।

जुगनू खान
संपादक – जुगनू खबर
पता – काशीपुर, 244712
संपर्क – 6396151800

