





काशीपुर, 31 अक्टूबर 2026।
समर स्टडी हॉल, काशीपुर में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वावधान में विधिक साक्षरता एवं जागरूकता शिविर तथा सुरक्षित बचपन अभियान के अंतर्गत एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ।
कार्यक्रम में सिविल जज पूनम टोडी ने विद्यार्थियों को कानून से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियाँ प्रदान कीं। उन्होंने बच्चों के अधिकारों, बाल संरक्षण, बाल शोषण की रोकथाम तथा बच्चों की सुरक्षा से जुड़े विभिन्न कानूनी प्रावधानों के विषय में विस्तारपूर्वक जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों को बताया कि प्रत्येक बच्चे को सुरक्षित, सम्मानजनक एवं भयमुक्त वातावरण में जीने का अधिकार है तथा अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहना अत्यंत आवश्यक है।
इस अवसर पर एस.आई. मीना रावत ने भी विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए पॉक्सो (POCSO) अधिनियम के विषय में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने अच्छे एवं बुरे स्पर्श (Good Touch और Bad Touch) के अंतर को समझाते हुए बच्चों को अपनी सुरक्षा के प्रति सजग रहने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने बताया कि किसी भी प्रकार के यौन उत्पीड़न अथवा अनुचित व्यवहार की स्थिति में बच्चों को चुप नहीं रहना चाहिए, बल्कि बिना किसी डर या संकोच के अपने अभिभावकों, शिक्षकों अथवा पुलिस को इसकी जानकारी देनी चाहिए।
दोनों वक्ताओं ने पॉक्सो अधिनियम के विभिन्न प्रावधानों, बच्चों को प्राप्त कानूनी संरक्षण तथा किसी भी अप्रिय परिस्थिति में सहायता प्राप्त करने के तरीकों पर विशेष जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों के मन में उठने वाली जिज्ञासाओं का समाधान करते हुए उन्हें कानून के प्रति जागरूक एवं आत्मविश्वासी बनने का संदेश दिया।
विद्यालय के प्रधानाचार्य अनुज भाटिया ने अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल किताबी ज्ञान देना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों को जीवन की वास्तविक चुनौतियों के प्रति जागरूक एवं सक्षम बनाना भी है। इस प्रकार के विधिक जागरूकता शिविर बच्चों को अपने अधिकारों, कर्तव्यों एवं सुरक्षा के प्रति सजग बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय प्रधानाचार्य से अनुज भाटिया जी ने सिविल जज पूनम टोडी एवं एस.आई. मीना रावत को पुष्प गुच्छ देकर स्वागत एवं विशेष आभार प्रकट किया। साथ ही जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के प्रति भी कृतज्ञता प्रकट की गई, जिनके सहयोग एवं मार्गदर्शन से विद्यार्थियों को कानून एवं सुरक्षित बचपन से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियाँ प्राप्त हुईं। इस अवसर पर विद्यालय के उप प्रधानाचार्य मनु अग्रवाल राजेंद्र सिंह फर्त्याल,निशा शर्मा, काजिम रिजवी ,अनीता तिवारी, निधि गुप्ता ,तंजीम खान, विकास नेगी ,किशोर पालीवाल आदि शिक्षक शिक्षिकाएं उपस्थित रहे।

जुगनू खान
संपादक – जुगनू खबर
पता – काशीपुर, 244712
संपर्क – 6396151800

