




कबड्डी, बैडमिंटन और खो-खो में खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम, पहले दिन हुए रोमांचक मुकाबले
जसपुर। श्री साई शिक्षण संस्थान, जसपुर में फार्मेसी वीक के उपलक्ष्य में प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी सात दिवसीय वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ किया गया। प्रतियोगिता का औपचारिक उद्घाटन संस्थान के चेयरमैन राजकुमार सिंह ने फीता काटकर किया। इस अवसर पर उन्होंने छात्र-छात्राओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि शिक्षा के साथ-साथ खेलकूद भी जीवन में बेहद महत्वपूर्ण हैं। खेलों से विद्यार्थियों में अनुशासन, टीम भावना, आत्मविश्वास और शारीरिक एवं मानसिक विकास की भावना मजबूत होती है प्रतियोगिता के पहले दिन विभिन्न संकायों के छात्र-छात्राओं ने पूरे उत्साह और खेल भावना के साथ प्रतिभाग किया। पहले दिन मुख्य रूप से कबड्डी, बैडमिंटन और खो-खो के मुकाबले आयोजित किए गए। मैदान में खिलाड़ियों ने अपना दमखम दिखाते हुए दर्शकों को रोमांचित किया।
कबड्डी (बालिका वर्ग) का मुकाबला नर्सिंग कॉलेज और डिग्री कॉलेज की छात्राओं के बीच खेला गया। दोनों टीमों के बीच अंत तक कांटे की टक्कर देखने को मिली। खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया, लेकिन अंततः डिग्री कॉलेज की टीम ने बाजी मारते हुए जीत दर्ज की।
वहीं, बैडमिंटन प्रतियोगिता के प्रथम चरण में फार्मेसी, डिग्री, पॉलिटेक्निक और नर्सिंग संकाय के विद्यार्थियों के बीच कड़े मुकाबले देखने को मिले। फार्मेसी विभाग के फरमान और डिग्री विभाग के उदेश ने अपने-अपने प्रतिद्वंद्वियों को पराजित कर शानदार जीत हासिल की।
खो-खो प्रतियोगिता में नर्सिंग कॉलेज और डिग्री कॉलेज की छात्राओं की टीमें आमने-सामने रहीं। दोनों टीमों ने बेहतर तालमेल और फुर्ती का परिचय दिया। रोमांचक मुकाबले में नर्सिंग कॉलेज की छात्राओं ने डिग्री कॉलेज की टीम को पराजित कर सीधे फाइनल राउंड में प्रवेश किया। संस्थान की ओर से बताया गया कि आगामी सात दिनों तक इसी प्रकार विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा, जिसमें छात्र-छात्राओं को अपनी खेल प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा। इस अवसर पर संस्थान के डायरेक्टर अवनीश कुमार, नर्सिंग के प्राचार्य परवेंद्र शर्मा, पॉलिटेक्निक के प्राचार्य अतुल शर्मा तथा डिग्री कॉलेज की प्राचार्य डॉ. देविका रावत विशेष रूप से उपस्थित रहे। प्रतियोगिताओं के सफल आयोजन में फार्मेसी विभाग के मोहम्मद सुलमान, पंकज कुमार, संदीप कुमार, तरुण चौहान, फरमान, शिवम, डॉ. शैलजा सिंह, डॉ. रागिनी बंसल, हिना कुमारी, नवप्रीत, पूजा ऐरी, नीमा बिष्ट, श्वेता टमटा, निधि मिश्रा और निपेंद्र सहित शिक्षक एवं स्टाफ सदस्यों का विशेष योगदान रहा।

जुगनू खान
संपादक – जुगनू खबर
पता – काशीपुर, 244712
संपर्क – 6396151800


