





छात्राओं को जनजातीय समाज की गौरवशाली परंपराओं, संस्कृति, भाषा और स्वतंत्रता संग्राम में जनजातीय नायकों के योगदान से कराया परिचित
काशीपुर। चंद्रावती तिवारी कन्या स्नातकोत्तर महाविद्यालय, काशीपुर में महाविद्यालय की प्रभारी प्राचार्य डॉ. दीपिका आत्रेय के निर्देशन में जनजातीय गौरव दिवस पखवाड़े का आयोजन बड़े हर्षोल्लास एवं उत्साह के साथ किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं को देश के जनजातीय समाज के गौरवशाली इतिहास, स्वतंत्रता संग्राम में जनजातीय नायकों के योगदान तथा उनकी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत से परिचित कराना रहा। कार्यक्रम का शुभारंभ महान स्वतंत्रता सेनानी एवं जननायक भगवान बिरसा मुंडा के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। इस दौरान उपस्थित शिक्षकों ने भगवान बिरसा मुंडा के संघर्षपूर्ण जीवन, उनके विचारों और समाज के प्रति उनके योगदान को याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। कार्यक्रम में असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. गीता मेहरा ने भगवान बिरसा मुंडा के जीवन परिचय पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि भगवान बिरसा मुंडा ने जनजातीय समाज के अधिकारों, सम्मान, सामाजिक जागरूकता और स्वाभिमान के लिए महत्वपूर्ण संघर्ष किया। उनका जीवन अन्याय के विरुद्ध संघर्ष करने, समाज को जागरूक बनाने और अपनी संस्कृति एवं परंपराओं की रक्षा करने की प्रेरणा देता है। उन्होंने जनजातीय समाज के उत्थान के लिए बिरसा मुंडा के प्रयासों एवं उनके ऐतिहासिक योगदान की जानकारी भी छात्राओं को दी। डॉ. गीता मेहरा ने अपने संबोधन में भारत की विविध जनजातियों की सामाजिक, सांस्कृतिक एवं ऐतिहासिक विशेषताओं पर भी विस्तार से चर्चा की। उन्होंने उत्तराखंड की प्रमुख जनजातियों का उल्लेख करते हुए भोटिया, थारू, राजी, जौनसारी और बुक्सा जनजातियों की जीवनशैली, परंपराओं, लोककला, भाषा और सांस्कृतिक पहचान के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि जनजातीय समुदाय भारतीय संस्कृति की विविधता और समृद्ध विरासत का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। उनकी परंपराएं, रीति-रिवाज, लोकगीत, लोकनृत्य और पारंपरिक ज्ञान हमारी सांस्कृतिक धरोहर को और अधिक समृद्ध बनाते हैं।कार्यक्रम के समापन पर महाविद्यालय की प्रभारी प्राचार्य डॉ. दीपिका आत्रेय ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि जनजातीय समाज का इतिहास संघर्ष, साहस, त्याग और आत्मसम्मान की भावना से परिपूर्ण है। भगवान बिरसा मुंडा जैसे महान जननायकों का जीवन हमें अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने तथा समाज और राष्ट्र के हित में कार्य करने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि हमें जनजातीय भाषाओं, कला, संस्कृति, परंपराओं और जीवन मूल्यों का सम्मान करना चाहिए। साथ ही नई पीढ़ी को जनजातीय समाज की गौरवशाली विरासत से परिचित कराना भी आवश्यक है, ताकि हमारी सांस्कृतिक विविधता और परंपराएं सुरक्षित रह सकें।
उन्होंने छात्राओं से आह्वान किया कि वे देश के महान जनजातीय स्वतंत्रता सेनानियों एवं समाज सुधारकों के जीवन से प्रेरणा लें और समाज में आपसी सम्मान, समानता एवं सांस्कृतिक सद्भाव की भावना को बढ़ावा दें। इस अवसर पर एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. वंदना सिंह, डॉ. रमा अरोरा, असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. दीपा चनियाल, डॉ. अंजलि गोस्वामी, डॉ. गीता मेहरा, डॉ. रंजना, डॉ. ज्योति गोयल, श्रीमती प्राची धौलाखंडी, श्रीमती शीतल अरोरा, डॉ. ज्योति रावत, डॉ. पुष्पा धामा एवं श्री विजेंद्र कुमार सहित महाविद्यालय के शिक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे कार्यक्रम के माध्यम से छात्राओं को जनजातीय समाज के गौरवशाली इतिहास, महान नायकों के बलिदान और भारतीय संस्कृति में जनजातीय समुदायों के महत्वपूर्ण स्थान को समझने का अवसर मिला।

जुगनू खान
संपादक – जुगनू खबर
पता – काशीपुर, 244712
संपर्क – 6396151800


