November 17, 2026
IMG-20261117-WA0010

कबड्डी में पॉलिटेक्निक और खो-खो में नर्सिंग विभाग ने मारी बाजी

बैडमिंटन में कुनाल और मुस्कान बने विजेता, 18 नवंबर को होगा प्रतियोगिता का ग्रैंड फाइनल एवं समापन समारोह

जसपुर। महुआ डाबरा स्थित श्री साईं इंस्टीट्यूट में सात दिवसीय वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता का उत्साह और उमंग के साथ शुभारंभ हो गया है। प्रतियोगिता के अंतर्गत संस्थान के विभिन्न संकायों के छात्र-छात्राएं अलग-अलग खेल स्पर्धाओं में अपनी खेल प्रतिभा, अनुशासन, शारीरिक क्षमता और टीम भावना का प्रदर्शन कर रहे हैं। खेल मैदान में खिलाड़ियों के बीच जीत हासिल करने को लेकर खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। प्रतियोगिता के दौरान आयोजित विभिन्न मुकाबलों में खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं। खेलकूद प्रतियोगिता के अंतर्गत आज कई रोमांचक मुकाबले खेले गए। इनमें कबड्डी, बैडमिंटन और खो-खो के फाइनल मुकाबले विशेष आकर्षण का केंद्र रहे। कबड्डी के फाइनल मुकाबले में पॉलिटेक्निक विभाग और फार्मेसी विभाग की टीमों के बीच कड़ा संघर्ष देखने को मिला। दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने जीत के लिए पूरी ताकत लगाई, लेकिन बेहतरीन खेल का प्रदर्शन करते हुए पॉलिटेक्निक विभाग की टीम ने मुकाबला अपने नाम कर लिया। वहीं बैडमिंटन के बॉयज फाइनल मुकाबले में बीए विभाग के कुनाल ने शानदार खेल कौशल का परिचय देते हुए फार्मेसी विभाग के फहीम को पराजित कर विजेता का खिताब हासिल किया। इसके अलावा गर्ल्स बैडमिंटन फाइनल में नर्सिंग विभाग की मुस्कान ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए फार्मेसी विभाग की लवप्रीत कौर को हराकर जीत दर्ज की। इसी क्रम में खो-खो का गर्ल्स फाइनल मुकाबला भी काफी रोमांचक रहा। इसमें नर्सिंग विभाग की छात्राओं ने बेहतर तालमेल, तेजी और टीम भावना का परिचय देते हुए फार्मेसी विभाग की टीम को शिकस्त देकर खिताब अपने नाम किया। प्रतियोगिता में विभिन्न विभागों के विद्यार्थियों की सक्रिय भागीदारी से संस्थान का खेल परिसर पूरे दिन उत्साह से भरा रहा। इस अवसर पर संस्थान के प्रबंधक राजकुमार चौहान ने बताया कि श्री साईं इंस्टीट्यूट में प्रतिवर्ष सात दिवसीय वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन किया जाता है। इसमें पॉलिटेक्निक, नर्सिंग, फार्मेसी और डिग्री संकाय के बीए एवं बीएससी के छात्र-छात्राएं उत्साहपूर्वक प्रतिभाग करते हैं। उन्होंने कहा कि प्रतियोगिताओं का उद्देश्य विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ-साथ खेलों के क्षेत्र में भी आगे बढ़ने के अवसर प्रदान करना है। उन्होंने कहा कि खेलकूद केवल शारीरिक व्यायाम या मनोरंजन का माध्यम नहीं है, बल्कि इससे विद्यार्थियों में अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता, आपसी सहयोग और संघर्ष करने की भावना विकसित होती है। खेलों के माध्यम से विद्यार्थी हार और जीत दोनों को सकारात्मक रूप से स्वीकार करना सीखते हैं, जो उनके जीवन में आगे बढ़ने के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। प्रबंधक राजकुमार चौहान ने डिग्री संकाय के विद्यार्थियों की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए बताया कि संस्थान का डिग्री कोर्स कुमाऊं विश्वविद्यालय से संबद्ध है। यहां अध्ययनरत विद्यार्थी शैक्षणिक गतिविधियों के साथ-साथ खेलकूद प्रतियोगिताओं में भी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं। संस्थान के कई विद्यार्थी विश्वविद्यालय स्तर पर चयनित होकर आगे बढ़ रहे हैं और अपने खेल कौशल के दम पर बेहतर मुकाम हासिल कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि खेलों के माध्यम से विद्यार्थियों को आगे बढ़ने और विभिन्न क्षेत्रों में करियर बनाने के अवसर भी मिल रहे हैं। उन्होंने उदाहरण देते हुए बताया कि हरियाणा की एक छात्रा, जो कुश्ती (रेसलिंग) की खिलाड़ी रही हैं, ने श्री साईं इंस्टीट्यूट से बीए की पढ़ाई की थी। वह कुमाऊं विश्वविद्यालय की ओर से खेल प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग करती थीं। अपनी खेल प्रतिभा और मेहनत के दम पर उन्होंने आगे बढ़ते हुए आज पुलिस विभाग में सीओ (CO) के पद तक पहुंचकर संस्थान का नाम रोशन किया है राजकुमार चौहान ने कहा कि ऐसी उपलब्धियां अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणास्रोत हैं। संस्थान का प्रयास है कि विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ खेलों के क्षेत्र में भी बेहतर अवसर और प्रोत्साहन मिले, जिससे वे भविष्य में अपनी रुचि एवं प्रतिभा के अनुसार सफलता प्राप्त कर सकें। उन्होंने बताया कि सात दिवसीय वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता का समापन एवं ग्रैंड फाइनल 18 नवंबर को आयोजित किया जाएगा। इस दौरान विभिन्न खेल स्पर्धाओं के विजेताओं को सम्मानित किया जाएगा। संस्थान प्रबंधन ने सभी प्रतिभागी छात्र-छात्राओं के उत्साह और प्रदर्शन की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!