

काशीपुर। जनपद के लिए गौरव का क्षण तब आया जब जागृति पब्लिक स्कूल के डायरेक्टर कौशल किशोर पंत ने राष्ट्रीय स्तर के रियलिटी शो किसमें कितना है दम सीजन-12 का ग्रैंड फिनाले जीतकर काशीपुर और उत्तराखंड का नाम रोशन किया। यह भव्य आयोजन रायट बहरा यूनिवर्सिटी मोहाली (पंजाब) में आयोजित हुआ, जहां देशभर से आए प्रतिभागियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। कौशल किशोर पंत ने अपनी मधुर आवाज और शानदार प्रस्तुति से निर्णायकों और दर्शकों का दिल जीत लिया।

उन्होंने विभिन्न राज्यों से आए प्रतिभागियों को कड़ी टक्कर देते हुए सभी चरणों में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया और अंततः ग्रैंड फिनाले में स्वर्ण पदक प्राप्त कर विजेता बने। यह प्रतियोगिता का पांचवां और अंतिम चरण था, जिसमें उनकी प्रतिभा का
सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन देखने को मिला। कार्यक्रम के दौरान शो के निमार्ता-निर्देशक वरुण बंसल द्वारा कौशल किशोर पंत को प्रशस्ति पत्र, मेडल और चेक प्रदान कर सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर उनकी गायकी की राष्ट्रीय
स्तर पर सराहना की गई। कौशल किशोर पंत न केवल एक प्रतिभाशाली गायक हैं, बल्कि काशीपुर में संचालित जागृति पब्लिक स्कूल के डायरेक्टर भी हैं और अपने कुशल नेतृत्व में स्कूल को नई ऊंचाइयों पर ले जा रहे हैं। उनकी इस उपलब्धि से न केवल उनके परिवार बल्कि आसपास के क्षेत्र के लोगों में भी खुशी की लहर है।

जागृति पब्लिक स्कूल के डायरेक्टर होने के साथ-साथ उन्होंने अपनी कला के जरिए यह साबित कर दिया कि प्रतिभा किसी एक क्षेत्र तक सीमित नहीं होती। उनकी इस सफलता को प्रेरणादायक मानते हुए क्षेत्र के लोग उन्हें लगातार बधाई दे रहे हैं।

जुगनू खान
संपादक – जुगनू खबर
पता – काशीपुर, 244712
संपर्क – 6396151800
