
काशीपुर स्थानीय प्रशासन और नगर निगम की संयुक्त टीम ने काशीपुर व आसपास के क्षेत्रों में संचालित नर्सिंग होम और प्राइवेट क्लीनिकों पर ताबड़तोड़ छापेमारी कर स्वास्थ्य सेवाओं के नाम पर हो रही अनियमितताओं का खुलासा किया। अचानक हुई इस कार्रवाई से नर्सिंग होम संचालकों तथा नियम विरुद्ध तरीके से क्लीनिक चला रहे झोलाछाप चिकित्सकों में हड़कंप मच गया। जांच के दौरान तीन नर्सिंग होम में मेडिकल वेस्ट के उचित निस्तारण की व्यवस्था नहीं पाई गई, जिसे गंभीर लापरवाही मानते हुए प्रशासन ने प्रत्येक संस्थान पर पांच-पांच हजार रुपये का जुर्माना लगाया। इसके साथ ही स्वास्थ्य संबंधी मानकों की अनदेखी करने वाले संचालकों को भविष्य में नियमों का कड़ाई से पालन करने की चेतावनी भी दी गई। छापेमारी के दौरान एक महिला डेंटल चिकित्सक के प्रतिष्ठान पर जांच में यह तथ्य सामने आया कि उनके पिता द्वारा एलोपैथिक प्रैक्टिस की जा रही थी। इस मामले को गंभीरता से लेते हुए प्रशासन ने संबंधित व्यक्ति को नोटिस जारी कर जवाब तलब किया है। वहीं एक अन्य नर्सिंग होम आवासीय नक्शे पर संचालित होता मिला, जो नियमानुसार गलत पाया गया। इतना ही नहीं, मौके पर फायर सुरक्षा उपकरणों का अभाव भी देखने को मिला, जिससे सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो गए।छापामार अभियान का नेतृत्व उप जिलाधिकारी अभय प्रताप सिंह सिंह ने किया। टीम में तहसीलदार पंकज चंदोला, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अमरजीत साहनी, सहायक नगर आयुक्त विनोद लाल, फायर अधिकारी श्याम सिंह, फायरमैन अर्जुन सिंह मौजूद रहे। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जनस्वास्थ्य और सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

जुगनू खान
संपादक – जुगनू खबर
पता – काशीपुर, 244712
संपर्क – 6396151800

