Screenshot_20260504_100634_WhatsApp

जसपुर तहसील अंतर्गत ग्राम हरिपुरा (महुआडाबरा) में अवैध कॉलोनाइजिंग संबंधित शिकायत पर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की। उपजिलाधिकारी जसपुर राहुल शाह के निर्देशन में राजस्व टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थल निरीक्षण किया, जहां शिकायतों की पुष्टि होने पर जेसीबी मशीन के माध्यम से अवैध प्लाटिंग को ध्वस्त करा दिया गया। जानकारी के अनुसार तीन प्लॉट क्रेताओं ने प्रशासन से शिकायत की थी कि उन्हें 18 फीट चौड़ी सड़क दर्शाकर प्लॉट बेचे गए थे, लेकिन वर्तमान में संबंधित कॉलोनाइजर द्वारा सड़क की चौड़ाई घटाकर लगभग 12 फीट की जा रही है। मौके पर जांच के दौरान शिकायत सही पाई गई, जिससे खरीदारों के साथ धोखाधड़ी का मामला भी सामने आया। जांच में यह भी उजागर हुआ कि संबंधित भूमि पर जिलाधिकारी के आदेश से पूर्व से ही खरीद-फरोख्त पर प्रतिबंध लागू है। इसके बावजूद उत्तर प्रदेश निवासी एक कॉलोनाइजर द्वारा एग्रीमेंट के माध्यम से अवैध रूप से प्लॉटों का विक्रय किया जा रहा था। इतना ही नहीं, लगभग 3800 वर्ग मीटर भूमि पर फैक्टरी निर्माण के लिए बाउंड्रीवाल का निर्माण कार्य भी कराया जा रहा था। प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई करते हुए अवैध प्लाटिंग को ध्वस्त कराया तथा उक्त भूमि को सरकारी खाते में निहित (वेस्टिंग) किए जाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इसके लिए तहसीलदार जसपुर से विस्तृत आख्या भी तलब की गई है। प्रारंभिक जांच में धामपुर, उत्तर प्रदेश निवासी अनजहर अहमद द्वारा उत्तराखंड के भूमि संबंधी प्रासंगिक प्रावधानों के उल्लंघन के तथ्य सामने आए हैं। साथ ही उनके खिलाफ प्राप्त अन्य समान प्रकृति की शिकायतों को भी संकलित कर संबंधित समिति को एफआईआर दर्ज कराने की संस्तुति भेजी जा रही है। इस निरीक्षण एवं कार्रवाई के दौरान तहसीलदार जसपुर दिलीप सिंह, सुपरवाइजर कानूनगो कुलदीप गैरोला तथा लेखपाल धीरेंद्र नेगी सहित राजस्व विभाग की टीम मौके पर मौजूद रही। प्रशासन की इस कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध कॉलोनाइजिंग करने वालों में हड़कंप मचा हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!