Screenshot_20260504_155052_Gallery

काशीपुर में आगामी 2027 उत्तराखंड विधानसभा चुनावों की तैयारियों को लेकर कांग्रेस ने अभी से संगठनात्मक गतिविधियों को तेज करना शुरू कर दिया है। इसी क्रम में महानगर कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष अलका पाल के नेतृत्व में आयोजित कार्यकर्ता संवाद एवं प्रेस वार्ता में नैनीताल लोकसभा क्षेत्र के पूर्व कांग्रेस प्रत्याशी प्रकाश जोशी ने कार्यकर्ताओं के साथ विस्तार से चर्चा करते हुए पार्टी को मजबूत करने, संगठन को बूथ स्तर तक सक्रिय करने और आगामी चुनावों में कांग्रेस की जीत सुनिश्चित करने का आह्वान किया। इस अवसर पर प्रकाश जोशी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी की सबसे बड़ी ताकत उसके समर्पित और संघर्षशील कार्यकर्ता हैं, जिन्होंने हर परिस्थिति में पार्टी की विचारधारा को मजबूती के साथ आगे बढ़ाने का कार्य किया है। उन्होंने कहा कि अब समय आ गया है कि सभी कार्यकर्ता व्यक्तिगत मतभेदों और गुटबाजी से ऊपर उठकर एक मंच पर आएं और पार्टी हित को सर्वोपरि मानते हुए एकजुट होकर कार्य करें। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि पार्टी हाईकमान जिस भी नेता को संगठनात्मक जिम्मेदारी देगा या चुनाव मैदान में उम्मीदवार बनाएगा, सभी कार्यकर्ताओं को उसके नेतृत्व में पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ कार्य करना होगा। यही अनुशासन और एकता कांग्रेस को मजबूती प्रदान करेगी।
प्रकाश जोशी ने कहा कि काशीपुर विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस जमीनी स्तर पर मजबूत पकड़ रखती है और यदि संगठनात्मक ढांचे को और अधिक सुदृढ़ किया जाए तो आगामी चुनावों में बेहतर परिणाम सामने आ सकते हैं। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में कार्यकर्ताओं के साथ लगातार बैठकों का दौर चलेगा, जिसमें क्षेत्र की समस्याओं, जनता के मुद्दों और चुनावी रणनीति पर गंभीरता से मंथन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस जनता के बीच जाकर उनकी समस्याओं को सुनेगी, उनके समाधान के लिए संघर्ष करेगी और भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों को उजागर करेगी। उन्होंने उत्तराखंड की भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि पिछले नौ वर्षों में प्रदेश में भाजपा की सरकार रही है लेकिन इसके बावजूद विकास कार्यों की स्थिति संतोषजनक नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में भ्रष्टाचार लगातार बढ़ रहा है, महिला अपराधों में इजाफा हुआ है, कानून व्यवस्था की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है और युवाओं को रोजगार देने में सरकार पूरी तरह नाकाम साबित हुई है। उन्होंने कहा कि महंगाई, बेरोजगारी और जनसमस्याओं से आम जनता परेशान है, जबकि सरकार केवल बड़े-बड़े दावे करने तक सीमित है। प्रकाश जोशी ने कहा कि जिस प्रकार वर्तमान सरकार कार्य कर रही है, उससे स्पष्ट है कि जनता का विश्वास भाजपा से उठता जा रहा है। प्रदेश की जनता बदलाव का मन बना चुकी है और आने वाले विधानसभा चुनावों में इसका असर साफ दिखाई देगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस जनता की आवाज बनकर उनके हक की लड़ाई लड़ने के लिए पूरी तरह तैयार है। बैठक को संबोधित करते हुए महानगर कांग्रेस अध्यक्ष अलका पाल ने कहा कि संगठन को मजबूत बनाने के लिए प्रत्येक कार्यकर्ता की भूमिका महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का लक्ष्य केवल चुनाव जीतना नहीं, बल्कि जनता के विश्वास को मजबूत करना और जनहित के मुद्दों को प्रमुखता से उठाना है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से घर-घर जाकर पार्टी की नीतियों और विचारधारा को पहुंचाने का आह्वान किया। इस दौरान वरिष्ठ कांग्रेस नेता अनूपम शर्मा, मुशर्रफ हुसैन, डॉ. दीपिका गुड़िया आत्रेय, उमा वात्सल्य, सरित चतुर्वेदी, इंदर सेठी, अनिल शर्मा, राजेश शर्मा, हरदेव सिंह हैरी, वीरजोत सिंह, रंजना गुप्ता, मंजू नेगी, महेंद्र सिंह बेदी, प्रदीप जोशी, राशिद फारूकी, उमेश जोशी, मनोज जोशी, राकेश भगत, डॉ. करन पाल, डॉ. रमेश कश्यप, सुरेंद्र भाटला, सारिम सैफी, गौरव चौधरी, शाहदान इकबाल सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यक्रम के अंत में सभी कांग्रेसजनों ने संगठन को और अधिक मजबूत बनाने, जनसमस्याओं के समाधान के लिए संघर्ष तेज करने तथा 2027 विधानसभा चुनावों में कांग्रेस को विजय दिलाने के संकल्प के साथ एकजुट होकर कार्य करने का भरोसा दिलाया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!