





रामनगर। क्षेत्र के प्रतिष्ठित ग्रेट मिशन पब्लिक स्कूल ने एक बार फिर अपनी उत्कृष्ट शैक्षणिक परंपरा को कायम रखते हुए सीबीएसई कक्षा 12वीं बोर्ड परीक्षा सत्र 2025-26 में शत-प्रतिशत परिणाम हासिल कर विद्यालय, अभिभावकों और पूरे क्षेत्र का नाम गौरवान्वित किया है। विद्यालय के सभी छात्र-छात्राओं ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सफलता प्राप्त की, जिसके बाद पूरे विद्यालय परिसर में उत्साह और खुशी का माहौल देखने को मिला। गत वर्षों की भांति इस वर्ष भी विद्यालय के विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट अंक अर्जित कर सफलता की नई ऊंचाइयों को छुआ। छात्रों की मेहनत, शिक्षकों के मार्गदर्शन और अभिभावकों के सहयोग का परिणाम बोर्ड परीक्षा के शानदार नतीजों के रूप में सामने आया। विद्यालय प्रबंधन ने इसे सामूहिक प्रयास और अनुशासित शिक्षा व्यवस्था की बड़ी उपलब्धि बताया। विद्यालय की मेधावी छात्राओं अनुष्का ठाकुर और नूपुर गोयल ने 94.8 प्रतिशत अंक प्राप्त कर संयुक्त रूप से विद्यालय में प्रथम स्थान हासिल किया। वहीं विवेक यादव ने 94 प्रतिशत अंक प्राप्त कर दूसरा स्थान प्राप्त किया। ओजस्वी जोशी ने 92.4 प्रतिशत अंक अर्जित कर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। इसके अतिरिक्त मन रावत और प्रिंस बोहरा ने 91.8 प्रतिशत, अंशु नेगी और शौर्य रावत ने 91.2 प्रतिशत, मनोज रावत और महक बिष्ट ने 90.8 प्रतिशत, निशा और भूपेंद्र सिंह ने 90 प्रतिशत अंक प्राप्त कर विद्यालय का नाम रोशन किया। इसके अलावा सोमिल सिंह ने 88.8 प्रतिशत तथा मानसी रावत ने 88.4 प्रतिशत अंक प्राप्त कर अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। विद्यालय के अनेक विद्यार्थियों ने विभिन्न विषयों में उत्कृष्ट अंक प्राप्त कर यह साबित कर दिया कि निरंतर परिश्रम और सही मार्गदर्शन से हर लक्ष्य हासिल किया जा सकता है। विद्यालय की इस शानदार सफलता में विशेष उपलब्धि यह भी रही कि पांच विद्यार्थियों ने पेंटिंग विषय में 100 में से 100 अंक प्राप्त कर अपनी असाधारण प्रतिभा का परिचय दिया। वहीं साइकोलॉजी विषय में भी एक विद्यार्थी ने 100 में से 100 अंक अर्जित कर विद्यालय को गौरवान्वित किया। इन उपलब्धियों ने विद्यालय की शैक्षणिक गुणवत्ता और विद्यार्थियों की मेहनत को नई पहचान दिलाई है। विद्यालय की प्रधानाचार्या डॉ. नलिनी श्रीवास्तव ने सभी छात्र-छात्राओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह सफलता विद्यार्थियों की कड़ी मेहनत, शिक्षकों की लगन और अभिभावकों के विश्वास का परिणाम है। उन्होंने कहा कि विद्यालय केवल परीक्षा परिणामों तक सीमित नहीं है, बल्कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर कार्य कर रहा है प्रधानाचार्या ने कहा कि विद्यालय का उद्देश्य विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ नैतिक मूल्यों, अनुशासन और आत्मविश्वास से भी समृद्ध करना है, ताकि वे भविष्य में हर क्षेत्र में सफलता प्राप्त कर सकें। उन्होंने सभी शिक्षकों की मेहनत की सराहना करते हुए कहा कि उनकी निरंतर प्रेरणा और समर्पण ने विद्यार्थियों को बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रोत्साहित किया। विद्यालय प्रबंधन समिति, शिक्षकगण एवं अभिभावकों ने सभी सफल विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। विद्यालय की इस उपलब्धि से पूरे क्षेत्र में खुशी और गर्व का माहौल है।

जुगनू खान
संपादक – जुगनू खबर
पता – काशीपुर, 244712
संपर्क – 6396151800



