2027 विधानसभा चुनाव के लिए बूथ स्तर पर संगठन मजबूत करने की रणनीति पर हुई चर्चा
काशीपुर। युवा कांग्रेस की प्रथम जिला कार्यकारिणी बैठक का आयोजन आज जिला अध्यक्ष सारिम सैफी के नेतृत्व में किया गया। बैठक में आगामी 2027 उत्तराखंड विधानसभा चुनाव को लेकर विस्तृत रणनीति तैयार करते हुए संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने पर विशेष जोर दिया गया।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में युवा कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने भाग लेकर संगठन को मजबूती प्रदान करने का संकल्प लिया बैठक के दौरान काशीपुर विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न बूथों की स्थिति पर विस्तार से चर्चा की गई। कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए नेताओं ने कहा कि आगामी 2027 विधानसभा चुनाव में जीत सुनिश्चित करने के लिए जमीनी स्तर पर मजबूत संगठन तैयार करना आवश्यक है।

इसी क्रम में निर्णय लिया गया कि प्रत्येक बूथ पर पांच सक्रिय कार्यकर्ताओं की टीम बनाई जाएगी, जो क्षेत्र में घर-घर जाकर कांग्रेस की नीतियों को आम जनता तक पहुंचाने का कार्य करेगी। साथ ही प्रत्येक बूथ पर स्थानीय समस्याओं और जनता की अपेक्षाओं का फीडबैक भी एकत्र किया जाएगा।

कार्यक्रम में बतौर मुख्य वक्ता पहुंचीं युवा कांग्रेस प्रदेश प्रभारी सुरभि द्विवेदी ने कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए कहा कि सभी कमजोर बूथों का विश्लेषण किया जाए, ताकि आगामी चुनाव में उन क्षेत्रों में विशेष रणनीति बनाकर संगठन को मजबूत किया जा सके।

उन्होंने कहा कि युवा कांग्रेस का प्रत्येक कार्यकर्ता पार्टी की रीढ़ है और युवाओं की सक्रिय भागीदारी से ही कांग्रेस फिर से मजबूत होगी। उन्होंने कहा कि युवा वर्ग को सोशल मीडिया के साथ-साथ जमीनी स्तर पर भी सक्रिय रहना होगा। जनता के बीच जाकर उनकी समस्याओं को सुनना और कांग्रेस की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाना आज की सबसे बड़ी आवश्यकता है।

उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील करते हुए कहा कि वे बेरोजगारी, महंगाई, स्वास्थ्य और शिक्षा जैसे मुद्दों को लेकर जनता के बीच जाएं और कांग्रेस की नीतियों से लोगों को अवगत कराएं। मीडिया से बातचीत करते हुए सुरभि द्विवेदी ने कहा कि उत्तराखंड में होने वाले 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर पूरे प्रदेश की राजनीति पर देशभर की निगाहें टिकी हुई हैं।

उन्होंने कहा कि उत्तराखंड देवभूमि है और यहां की जनता हमेशा लोकतांत्रिक मूल्यों और कांग्रेस की विचारधारा से जुड़ी रही है। युवा कांग्रेस सड़क से लेकर संसद तक जनता की आवाज बुलंद करने का काम कर रही है और आने वाले समय में संगठन पूरी मजबूती के साथ अपनी जिम्मेदारी निभाएगा।

काशीपुर विधानसभा सीट को लेकर पूछे गए सवाल पर उन्होंने स्थानीय समस्याओं को प्रमुख मुद्दा बताते हुए कहा कि शहर का राजकीय चिकित्सालय बदहाल स्थिति में है। अस्पताल की कई मशीनें लंबे समय से खराब पड़ी हैं, जिससे मरीजों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

इसके अलावा शिक्षा व्यवस्था की स्थिति भी चिंताजनक बनी हुई है। उन्होंने कहा कि काशीपुर की जनता अब स्थानीय मुद्दों को गंभीरता से देख रही है और इन्हीं मुद्दों के आधार पर वर्ष 2027 में कांग्रेस को जनता का समर्थन प्राप्त होगा।

बैठक में युवा कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष विशाल भोजाक ने भी संगठन की मजबूती पर जोर देते हुए कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर कार्य करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि पार्टी की विचारधारा को गांव-गांव और वार्ड-वार्ड तक पहुंचाने के लिए सभी कार्यकर्ताओं को पूरी ऊर्जा और समर्पण के साथ काम करना होगा।

इस अवसर पर महानगर कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष अलका पाल, पूर्व महानगर अध्यक्ष मुशर्रफ हुसैन, प्रदेश सह प्रभारी अविनाश महल, वरिष्ठ कांग्रेस नेत्री इन्दूमान, जिला उपाध्यक्ष साहिल, प्रदेश सचिव कांग्रेस कमेटी जितेंद्र सरस्वती, जिला अध्यक्ष सारिम सैफी, तौकीर अंसारी, संदीप सहगल, शादान इकबाल, ललित मोहन, लवदीप सिंह, अनीस अंसारी, राहुल रमणदीप, संजीव शर्मा, अजहर कस्सार, परगट, जया अजिता सहित बड़ी संख्या में युवा कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे। बैठक के अंत में सभी कार्यकर्ताओं ने आगामी विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को मजबूत करने के लिए एकजुट होकर कार्य करने का संकल्प लिया।

जुगनू खान
संपादक – जुगनू खबर
पता – काशीपुर, 244712
संपर्क – 6396151800



