
काशीपुर। पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय राजीव गांधी की 34वीं पुण्यतिथि के अवसर पर युवा कांग्रेस तथा काशीपुर कांग्रेस द्वारा श्रद्धांजलि एवं सेवा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। युवा कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष विशाल सिंह भोजाक के निर्देशानुसार आयोजित इस कार्यक्रम का नेतृत्व युवा कांग्रेस जिला अध्यक्ष सारिम सैफी ने किया।

कार्यक्रम गढ़वाल सभा स्थित नीलकंठ चिल्ड्रन एकेडमी स्कूल में आयोजित हुआ, जहां बच्चों को कॉपी, पेन, पेंसिल, सहित अन्य स्टेशनरी सामग्री वितरित की गई। कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस एवं युवा कांग्रेस के नेताओं ने पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी तथा उनके योगदान को याद किया।

नेताओं ने कहा कि राजीव गांधी ने देश को आधुनिक सोच, तकनीकी विकास और युवा शक्ति को साथ जोड़ने का कार्य किया। इस अवसर पर महानगर कांग्रेस अध्यक्ष अलका पाल ने कहा कि बच्चों के बीच पहुंचकर उन्हें अत्यंत खुशी और आत्मिक संतोष का अनुभव हुआ।

उन्होंने कहा कि आज के बच्चे ही देश का भविष्य हैं और आने वाले समय में यही राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। उन्होंने कहा कि राजीव गांधी ने देश में शिक्षा, तकनीक और युवाओं को आगे बढ़ाने के लिए ऐतिहासिक निर्णय लिए। सूचना एवं संचार क्रांति को गति देने के साथ-साथ उन्होंने युवाओं को लोकतंत्र से जोड़ने का कार्य किया। 18 वर्ष की आयु में मतदान का अधिकार दिलाकर उन्होंने देश के युवाओं को नई पहचान और शक्ति प्रदान की।

अलका पाल ने कहा कि पंचायत राज व्यवस्था को मजबूत करने और महिलाओं को सशक्त बनाने में भी राजीव गांधी की महत्वपूर्ण भूमिका रही। उनकी दूरदर्शी सोच के कारण गांवों तक विकास की धारा पहुंचाने का मार्ग प्रशस्त हुआ। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा गरीब, किसान, मजदूर, युवा और छात्र हितों के लिए संघर्ष करती रही है और राजीव गांधी के विचार आज भी पार्टी कार्यकर्ताओं को प्रेरित करते हैं।

पूर्व महानगर कांग्रेस अध्यक्ष मुशर्रफ हुसैन ने अपने संबोधन में कहा कि राजीव गांधी एक दूरदर्शी एवं आधुनिक सोच वाले नेता थे। उन्होंने भारत को नई तकनीक, कंप्यूटर युग और आधुनिक संचार व्यवस्था से जोड़ने का कार्य किया। आज देश जिस डिजिटल और तकनीकी विकास की ओर अग्रसर है, उसकी नींव राजीव गांधी के समय में रखी गई थी।

उन्होंने कहा कि राजीव गांधी की नीतियां हमेशा शिक्षा, युवाओं और गरीब वर्ग के उत्थान को समर्पित रहीं। उन्होंने कहा कि कांग्रेसजन उनकी पुण्यतिथि पर उनके बताए मार्ग पर चलने और समाज सेवा के कार्यों को आगे बढ़ाने का संकल्प लेते हैं। कार्यक्रम के दौरान बच्चों को स्टेशनरी सामग्री वितरित कर शिक्षा के प्रति जागरूकता का संदेश भी दिया गया।

विद्यालय परिवार ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम बच्चों को प्रोत्साहित करने के साथ-साथ समाज में सकारात्मक संदेश देने का कार्य करते हैं। कार्यक्रम में कांग्रेस एवं युवा कांग्रेस के कई पदाधिकारी, कार्यकर्ता, विद्यालय परिवार के सदस्य तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। पूरे कार्यक्रम के दौरान श्रद्धा, सेवा और सामाजिक सरोकार का भाव देखने को मिला।

इस अवसर पर काशीपुर महानगर कांग्रेस अध्यक्ष अलका पाल, पूर्व महानगर अध्यक्ष मुशर्रफ हुसैन, कांग्रेस प्रदेश सचिव जितेंद्र सरस्वती, मंसूर अली मंसूरी, शाह आलम, अनीस अंसारी, संजीव शर्मा, सीडी डोभाल, अनिल रावत, राकेश भगत, गीता, नीलकंठ चिल्ड्रन एकेडमी स्कूल की प्रधानाचार्य श्रीमती मंगला, उषा बलोदी, दीपक राजपूत, अनुष्का, तनुजा बिष्ट, सुचिता गुप्ता, प्रीति, एमएम जोशी के साथ तमाम कांग्रेस जन व स्कूल का स्टाफ उपस्थित रहा

जुगनू खान
संपादक – जुगनू खबर
पता – काशीपुर, 244712
संपर्क – 6396151800



