Screenshot_20260521_175656_WhatsApp

काशीपुर। जनपद में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने और मिलावट खोरी पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा लगातार अभियान चलाए जा रहे हैं। इसी क्रम में जिला अधिकारी नितिन सिंह भदौरिया के निर्देशन में काशीपुर क्षेत्र में विशेष निरीक्षण अभियान चलाया गया। अभियान का नेतृत्व वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी अपर्णा शाह ने किया। निरीक्षण अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने काशीपुर के आसपास स्थित बाबरखेड़ा, सरवरखेड़ा तथा ढकिया गुलाबो क्षेत्रों में विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच की। इस दौरान कुल सात दुकानों और प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया।

अधिकारियों ने खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, साफ-सफाई, तथा खाद्य सुरक्षा मानकों का गहन परीक्षण किया। अभियान के दौरान बाबरखेड़ा ग्राम स्थित मुजम्मिल स्वीट्स हाउस से मावे की बर्फी का नमूना लिया गया। इसी प्रकार सरवरखेड़ा क्षेत्र में एक ढाबे से पकी उड़द दाल तथा राजमा के नमूने लिए गए। वहीं ढकिया गुलाबो क्षेत्र में सीएम हेल्पलाइन पर प्राप्त शिकायत के आधार पर एक डेरी प्रतिष्ठान पर जांच की गई, जहां से दही का नमूना लिया गया वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी अपर्णा शाह ने बताया कि अभियान का मुख्य उद्देश्य आम जनता को शुद्ध एवं सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना है।

उन्होंने कहा कि जांच के दौरान लिए गए सभी नमूनों को परीक्षण हेतु प्रयोगशाला भेजा जा रहा है। रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद यदि किसी खाद्य पदार्थ में मिलावट या गुणवत्ता में कमी पाई जाती है तो संबंधित प्रतिष्ठान संचालकों के विरुद्ध खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।उन्होंने यह भी कहा कि खाद्य सुरक्षा विभाग आगे भी इस प्रकार के निरीक्षण अभियान लगातार जारी रखेगा, ताकि मिलावटी एवं असुरक्षित खाद्य पदार्थों की बिक्री पर प्रभावी रोक लगाई जा सके और उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!