जसपुर/काशीपुर। काशीपुर के वरिष्ठ एवं प्रतिष्ठित अधिवक्ता अब्दुल सलीम एडवोकेट द्वारा जसपुर के पतरामपुर रोड स्थित हाईवे के निकट निर्मित मास्टर रिसोर्ट का भव्य उद्घाटन शनिवार, 14 जून की शाम लगभग 7 बजे उत्तराखंड विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य द्वारा फीता काटकर विधिवत रूप से किया गया। उद्घाटन समारोह में क्षेत्र के अनेक जनप्रतिनिधि, समाजसेवी, व्यापारी एवं गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में आदेश सिंह चौहान, नवाब जान खान तथा नौशाद सम्राट सहित जसपुर एवं काशीपुर क्षेत्र के अनेक राजनीतिक एवं सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने सहभागिता की।
उद्घाटन के उपरांत मीडिया से वार्ता करते हुए नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने कहा कि अधिवक्ता अब्दुल सलीम द्वारा स्थापित मास्टर रिसोर्ट क्षेत्र के विकास और आधुनिक आतिथ्य सेवाओं की दिशा में एक सराहनीय पहल है। उन्होंने कहा कि रिसोर्ट की भव्यता, सुंदर वास्तुकला और आधुनिक सुविधाएं इसे क्षेत्र के प्रमुख आयोजनों के लिए एक आदर्श स्थल बनाती हैं। यशपाल आर्य ने कहा कि इस रिसोर्ट का नाम उन्हें अब्दुल सलीम के स्वर्गीय वालिद की याद दिलाता है, जिनका सामाजिक जीवन अत्यंत प्रेरणादायक रहा है। उन्होंने कहा कि अब्दुल सलीम के वालिद जनसेवा के कार्यों में सदैव अग्रणी रहे और समाज में उनकी एक अलग पहचान थी। वे राजनीतिक समझ रखने वाले, मिलनसार एवं समाजहित में कार्य करने वाले व्यक्तित्व थे। उन्होंने कहा कि उन्हें उनके साथ कार्य करने का अवसर मिला है और आज उनके परिवार के बीच पहुंचकर उन्हें आत्मीयता एवं अपनत्व का अनुभव हो रहा है। यशपाल आर्य ने कहा कि मास्टर रिसोर्ट केवल एक व्यावसायिक प्रतिष्ठान नहीं बल्कि क्षेत्र के सामाजिक और सांस्कृतिक आयोजनों के लिए भी एक महत्वपूर्ण केंद्र के रूप में स्थापित होगा। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि आज जसपुर और काशीपुर के अनेक प्रतिष्ठित लोग एक ही मंच पर उपस्थित हैं, जिससे इस उद्घाटन समारोह की गरिमा और बढ़ गई है। उन्होंने अब्दुल सलीम एवं उनके परिवार को इस उपलब्धि के लिए शुभकामनाएं देते हुए रिसोर्ट के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कार्यक्रम के दौरान अतिथियों का फूल-मालाओं एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर स्वागत किया गया। उपस्थित लोगों ने रिसोर्ट का अवलोकन कर इसकी आधुनिक व्यवस्थाओं, विशाल परिसर, आकर्षक सजावट तथा उच्च स्तरीय सुविधाओं की सराहना की। समारोह में क्षेत्र के विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों, समाजसेवियों, व्यापारियों, अधिवक्ताओं एवं गणमान्य नागरिकों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही। उद्घाटन कार्यक्रम सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ और देर शाम तक अतिथियों का आगमन जारी रहा। इस अवसर पर वरिष्ठ कांग्रेसी नेता अरुण चौहान, संदीप सहगल, जय सिंह गौतम, काशीपुर कांग्रेस महानगर अध्यक्ष अलका पाल, जितेंद्र सरस्वती, राशिद फारुकी, पूर्व काशीपुर चेयरमैन शमसुद्दीन, वरिष्ठ अधिवक्ता अशरफ सिद्दीकी, एडवोकेट हरीश कुमार सिंह, एडवोकेट शैलेंद्र मिश्रा, एडवोकेट सूरज कुमार, एडवोकेट मनोज जोशी, एडवोकेट उमेश जोशी, विकल्प गुड़िया, सुभाष पाल, रवि ढींगरा, एडवोकेट इंदर सिंह, एडवोकेट मेराज खान, गुल्लू माहिगिर आदि गणमान्य लोग उपस्थित रहे

जुगनू खान
संपादक – जुगनू खबर
पता – काशीपुर, 244712
संपर्क – 6396151800



