Screenshot_20260621_113943_WhatsApp

अध्यक्ष रविन्द्र कुमार का जन्मदिवस भी हर्षोल्लास से मनाया गया

काशीपुर। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर श्रीराम इंस्टीट्यूट के बहुउद्देशीय सभागार में भव्य योगाभ्यास कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर संस्थान के अध्यक्ष रविन्द्र कुमार का जन्मदिवस भी बड़े उत्साह एवं हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ संस्थान के निदेशक डॉ. योगराज सिंह ने योगाचार्यों को पुष्पगुच्छ एवं स्मृति-चिह्न भेंट कर किया।
कार्यक्रम में मुख्य योगाचार्य आर.सी. शर्मा, योग प्रशिक्षक एवं आयुर्वेदिक कंसलटेंट ने प्रतिभागियों को विभिन्न योगासनों का अभ्यास कराया तथा उनके शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक लाभों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने ध्यान (मेडिटेशन) का अभ्यास भी कराया और मानसिक स्वास्थ्य, एकाग्रता तथा सकारात्मक सोच के महत्व पर प्रकाश डाला। संस्थान के अध्यक्ष रविन्द्र कुमार ने कहा कि योग भारत की प्राचीन एवं अमूल्य सांस्कृतिक धरोहर है, जिसने आज पूरे विश्व में अपनी विशिष्ट पहचान स्थापित की है। उन्होंने कहा कि योग केवल शरीर को स्वस्थ रखने का माध्यम नहीं, बल्कि यह व्यक्ति के जीवन में अनुशासन, सकारात्मकता और आत्मविश्वास का संचार भी करता है। निदेशक डॉ. योगराज सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि योग का वास्तविक अर्थ ‘जोड़ना’ है। योग व्यक्ति को स्वयं से, समाज से और प्रकृति से जोड़ता है। यह प्रेम, करुणा, सहानुभूति, परोपकार और सेवा जैसे मानवीय मूल्यों का विकास कर व्यक्ति को संतुलित एवं निरोग जीवन जीने की प्रेरणा देता है। प्राचार्य डॉ. एस.एस. कुशवाहा ने कहा कि विश्व के अधिकांश देश बेहतर स्वास्थ्य और स्वस्थ जीवनशैली के लिए योग को अपना रहे हैं। यह हम सभी के लिए गर्व का विषय है कि योग की उत्पत्ति भारत की पावन भूमि पर हुई है।
कार्यक्रम में संस्थान के समस्त शिक्षकगण, कर्मचारी एवं विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया तथा योगासनों एवं ध्यान सत्र के माध्यम से शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य लाभ प्राप्त किया। कार्यक्रम का समापन सभी प्रतिभागियों द्वारा नियमित योगाभ्यास करने के संकल्प के साथ हुआ। इस अवसर पर अध्यक्ष रविन्द्र कुमार का जन्मदिवस भी केक काटकर मनाया गया तथा उन्हें शुभकामनाएं दी गईं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!