Screenshot_20260621_191551_WhatsAppBusiness

काशीपुर। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर काशीपुर विधायक त्रिलोक सिंह चीमा ने क्षेत्रवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए योग को भारत की प्राचीन एवं अमूल्य धरोहर बताया। उन्होंने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम का माध्यम नहीं है, बल्कि यह शरीर, मन और आत्मा को जोड़ने वाली एक संपूर्ण जीवन पद्धति है, जो व्यक्ति को स्वस्थ, संतुलित और सकारात्मक जीवन जीने की प्रेरणा प्रदान करती है। विधायक त्रिलोक सिंह चीमा ने अपने संदेश में कहा कि आज पूरे विश्व ने योग की शक्ति और महत्व को स्वीकार किया है। भारत की इस महान सांस्कृतिक विरासत ने वैश्विक स्तर पर मानव स्वास्थ्य और मानसिक शांति के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। योग व्यक्ति के जीवन में अनुशासन, एकाग्रता, आत्मविश्वास और सकारात्मक ऊर्जा का संचार करता है। नियमित योगाभ्यास से न केवल शारीरिक रोगों से बचाव होता है, बल्कि मानसिक तनाव और चिंताओं से भी मुक्ति मिलती है। उन्होंने सभी नागरिकों से आह्वान किया कि वे अपने दैनिक जीवन में योग को अपनाएं और स्वस्थ, सुखी एवं समृद्ध जीवन के निर्माण में इसकी महत्वपूर्ण भूमिका को समझें। उन्होंने कहा कि अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि स्वस्थ समाज के निर्माण का एक जनआंदोलन है। योग के माध्यम से हम आने वाली पीढ़ियों को भी बेहतर स्वास्थ्य और संस्कार प्रदान कर सकते हैं। इस अवसर पर आयोजित विशाल योग शिविर में विधायक ने सभी प्रतिभागियों की सराहना करते हुए कहा कि बड़ी संख्या में लोगों की सहभागिता यह दर्शाती है कि समाज में स्वास्थ्य और योग के प्रति जागरूकता निरंतर बढ़ रही है। उन्होंने श्रीमद्भगवद्गीता के प्रसिद्ध श्लोक “योगः कर्मसु कौशलम्” का उल्लेख करते हुए कहा कि योग हमें जीवन के प्रत्येक कार्य को कुशलतापूर्वक और सफलतापूर्वक करने की प्रेरणा देता है। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में एसपीएनजी द्वारा आयोजित विशाल योग शिविर में क्षेत्र की अनेक प्रतिष्ठित हस्तियों एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने सहभागिता निभाई। कार्यक्रम में श्री योगेश जिंदल, सुश्री सीमा चौहान, डॉ. विनीत जैन, आर.सी. शर्मा, श्रीमती उषा चौधरी, आशीष गुप्ता, गुरविंदर चंडोक, खिलेंद्र चौधरी, एसडीएम काशीपुर, एसपी काशीपुर सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक, मातृशक्ति एवं युवा साथियों ने उपस्थित होकर योगाभ्यास किया तथा योग को जीवन का अभिन्न अंग बनाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के अंत में विधायक त्रिलोक सिंह चीमा ने सभी क्षेत्रवासियों को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए स्वस्थ एवं निरोगी जीवन की कामना की। उन्होंने कहा कि योग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाकर ही हम स्वस्थ भारत और सशक्त भारत के निर्माण के संकल्प को साकार कर सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!