IMG-20260701-WA0031

काशीपुर। राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस के अवसर पर जैतपुर रोड स्थित गुरुकुल फाउंडेशन स्कूल में विद्यार्थियों के शारीरिक, मानसिक एवं भावनात्मक स्वास्थ्य को समर्पित स्वास्थ्य एवं स्वच्छता जागरूकता सत्र का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि एवं वक्ता के रूप में वरिष्ठ स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ डॉ. विभा मेहरोत्रा ने विद्यार्थियों को स्वस्थ एवं संतुलित जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया। विद्यालय परिवार ने डॉ. विभा मेहरोत्रा का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। अपने संबोधन में उन्होंने विद्यार्थियों से आत्मविश्वास के साथ जीवन में आगे बढ़ने का आह्वान करते हुए कहा कि सकारात्मक सोच, नियमित ध्यान (मेडिटेशन) और लाफ्टर थेरेपी मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने मोबाइल फोन के अत्यधिक उपयोग से होने वाले दुष्प्रभावों की जानकारी देते हुए विद्यार्थियों से स्क्रीन टाइम कम करने तथा पढ़ाई, खेलकूद और रचनात्मक गतिविधियों को अधिक समय देने की अपील की। डॉ. मेहरोत्रा ने व्यक्तिगत स्वच्छता के महत्व पर विशेष बल देते हुए नियमित हाथ धोने, नाखून साफ रखने, प्रतिदिन स्नान करने, स्वच्छ वस्त्र पहनने, पौष्टिक एवं संतुलित भोजन करने तथा पर्याप्त मात्रा में पानी पीने की आदत विकसित करने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि अच्छी स्वच्छता व्यक्ति को अनेक बीमारियों से बचाने के साथ-साथ उसके आत्मविश्वास और व्यक्तित्व को भी मजबूत बनाती है।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने स्वास्थ्य संबंधी विभिन्न विषयों पर प्रश्न पूछे, जिनका डॉ. मेहरोत्रा ने सरल एवं व्यावहारिक तरीके से उत्तर दिया। विद्यालय परिवार ने उनके प्रेरणादायी मार्गदर्शन और बहुमूल्य समय के लिए स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया तथा आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर विद्यालय की चेयरपर्सन श्रीमती चंपा कपूर, चेयरमैन डॉ. नीरज कपूर, डायरेक्टर डॉ. वसुधा कपूर, प्रधानाचार्या श्रीमती मीनल बधवार, संयुक्त प्रबंध निर्देशिका सुश्री कामाक्षी कपूर, उप-प्रधानाचार्या श्रीमती शुभांगी शर्मा सहित समस्त शिक्षकगण उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन विद्यार्थियों द्वारा स्वस्थ जीवनशैली, स्वच्छता और सकारात्मक सोच को अपने दैनिक जीवन का अभिन्न अंग बनाने के संकल्प के साथ हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!