
प्रमाणपत्र वितरित कर आत्मनिर्भर बनने का दिया संदेश
रामनगर। जिम कॉर्बेट आस्थान मॉल के तृतीय तल स्थित खुशी मेहंदी आर्ट्स स्टूडियो में आयोजित बेसिक टू ब्राइडल मेहंदी प्रशिक्षण के प्रथम बैच के प्रमाणपत्र वितरण समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व उत्तराखंड राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष अमिता लोहनी ने प्रतिभागियों को प्रमाणपत्र प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया। इस अवसर पर अमिता लोहनी ने कहा कि महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में इस प्रकार के कौशल विकास प्रशिक्षण अत्यंत महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने कहा कि आज की महिलाएं अपने हुनर के बल पर न केवल आर्थिक रूप से सशक्त बन रही हैं, बल्कि परिवार और समाज में भी अपनी अलग पहचान स्थापित कर रही हैं। मेहंदी कला भारतीय संस्कृति का महत्वपूर्ण हिस्सा है और यदि इसे व्यवसाय के रूप में अपनाया जाए तो यह महिलाओं के लिए सम्मानजनक स्वरोजगार का सशक्त माध्यम बन सकती है। उन्होंने खुशी मेहंदी आर्ट्स स्टूडियो की संचालिका खुशी के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने महिलाओं और युवतियों को हुनर से जोड़ने का सराहनीय कार्य किया है। ऐसे प्रशिक्षण केंद्र समाज में सकारात्मक बदलाव लाने का कार्य कर रहे हैं। उन्होंने प्रशिक्षण प्राप्त करने वाली सभी छात्राओं को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वे अपने कौशल का सदुपयोग कर आत्मनिर्भर बनें और अन्य महिलाओं के लिए भी प्रेरणा बनें। अमिता लोहनी ने कहा कि उन्हें इस कार्यक्रम में शामिल होकर अत्यंत प्रसन्नता हुई। उन्होंने खुशी और उनकी पूरी टीम को सफल आयोजन के लिए बधाई दी तथा भविष्य में भी हर संभव सहयोग का भरोसा दिलाया। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि खुशी मेहंदी आर्ट्स स्टूडियो आने वाले समय में रामनगर ही नहीं, पूरे क्षेत्र की महिलाओं को रोजगार एवं स्वरोजगार से जोड़ने का महत्वपूर्ण केंद्र बनेगा। कार्यक्रम के दौरान प्रशिक्षण पूर्ण करने वाले प्रथम बैच की छात्राओं को प्रमाणपत्र वितरित किए गए। सभी प्रतिभागियों ने अपने प्रशिक्षण अनुभव साझा किए और स्टूडियो द्वारा दिए गए मार्गदर्शन की सराहना की। समारोह का वातावरण उत्साह, आत्मविश्वास और नई शुरुआत के संकल्प से ओत-प्रोत रहा।

जुगनू खान
संपादक – जुगनू खबर
पता – काशीपुर, 244712
संपर्क – 6396151800



