





काशीपुर – मास्टर इंटरनेशनल स्कूल की नई शाखा में आज क्लीन एंड ग्रीन फाउंडेशन द्वारा “हरित भविष्य संकल्प अभियान” के अंतर्गत भव्य वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण, हरियाली को बढ़ावा देना तथा समाज में स्वच्छता एवं प्रकृति के प्रति जागरूकता फैलाना था।कार्यक्रम के दौरान काशीपुर क्लीन एंड ग्रीन फाउंडेशन के संस्थापक अध्यक्ष श्री अजय चौधरी, अध्यक्ष श्री सर्वेश बंसल एवं उपाध्यक्ष श्री गौरव गुप्ता ने विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया। उन्होंने कहा कि यदि प्रत्येक बच्चा एक पौधा लगाने और उसे वृक्ष बनने तक सुरक्षित रखने का संकल्प ले, तो आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ, हरित एवं स्वस्थ वातावरण मिल सकेगा। साथ ही बच्चों से अपने परिवार और समाज को भी वृक्षारोपण के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया गया।
इस अवसर पर विद्यालय परिसर में विभिन्न प्रकार के पौधे लगाए गए। कार्यक्रम में विद्यालय प्रबंधन, शिक्षकगण, फाउंडेशन के पदाधिकारियों एवं अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की तथा सभी ने पौधों की देखभाल करने और अधिक से अधिक वृक्ष लगाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में डॉ. भारती गहतोड़ी (सुपरवाइज़र), श्रीमती रमा गर्ग (महिला अध्यक्ष), श्री गौरव गुप्ता (संस्थापक एवं वरिष्ठ उपाध्यक्ष), श्री केशव सिंह (मीडिया प्रभारी) श्रीमती नूपुर गुप्ता (आशीष बिल्डर्स एंड डेवलपर्स)श्रीमती अर्चना लोहनी (क्लीन एंड ग्रीन की अध्यक्ष एवं लिटिल एंजल्स अकादमी की अध्यक्ष), श्रीमती इंदु मान (पूर्व राज्य मंत्री), श्री विजय चौधरी, श्री सुरेंद्र बठला (वरिष्ठ सलाहकार एवं नैनीताल बैंक के सेवानिवृत्त प्रबंधक), तथा श्रीमती राधा चौहान (महिला सदस्य, क्लीन एंड ग्रीन इंडिया) विशेष रूप से उपस्थित रहे।
स्कूल प्रबंधिका श्रीमती शिल्पी गर्ग ने क्लीन एंड ग्रीन फाउंडेशन का आभार व्यक्त किया और उनके इस कार्य की सराहना की। साथ ही उपस्थित सभी अतिथियों का स्वागत किया तथा क्लीन एंड ग्रीन फाउंडेशन टीम को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉक्टर गौरव गर्ग ने क्लीन एंड ग्रीन फाउंडेशन का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी पर्यावरण संरक्षण के ऐसे अभियानों में सक्रिय भागीदारी का संकल्प लिया। स्कूल के प्रधानाचार्य ने यह भी आश्वासन दिलाया कि आगामी महीनों में 400 पेड़ स्कूल परिसर में लगे होंगे। उन्होंने साथ ही कहा कि यदि प्रत्येक बच्चा अपने जीवन के प्रत्येक विशेष अवसर पर एक पौधा लगाए, तो आने वाले वर्षों में पर्यावरण संरक्षण की दिशा में यह एक बड़ा जन-आंदोलन बन सकता है। स्कूल के विद्यार्थियों ने भी वृक्षारोपण में बढ़ चढ़ कर भाग लिया।
कार्यक्रम का समापन पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए सभी उपस्थित लोगों द्वारा “एक पेड़ – माँ के नाम” का संकल्प लेने के साथ हुआ।

जुगनू खान
संपादक – जुगनू खबर
पता – काशीपुर, 244712
संपर्क – 6396151800



