Screenshot_20260806_135052_Gallery

काशीपुर। आगामी 8 अगस्त को हल्द्वानी में आयोजित होने वाली भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की प्रस्तावित महारैली को लेकर कांग्रेस संगठन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में महिला कांग्रेस महानगर काशीपुर की अध्यक्ष पूजा सिंह ने काशीपुर की महिलाओं से अधिक से अधिक संख्या में महारैली में शामिल होकर कार्यक्रम को ऐतिहासिक बनाने का आह्वान किया है। पूजा सिंह ने कहा कि कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे का उत्तराखंड आगमन प्रदेश के कांग्रेस कार्यकर्ताओं और आम जनता के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण अवसर है। उन्होंने कहा कि इस महारैली के माध्यम से कांग्रेस जनता से जुड़े विभिन्न मुद्दों को प्रमुखता से उठाएगी तथा संगठन को और अधिक मजबूत बनाने का संदेश देगी। उन्होंने महिलाओं से अपील की कि वे बड़ी संख्या में हल्द्वानी पहुंचकर कांग्रेस की नीतियों और विचारधारा के प्रति अपना समर्थन व्यक्त करें। उन्होंने बताया कि स्वास्थ्य संबंधी कारणों से वह स्वयं इस महारैली में शामिल होने के लिए हल्द्वानी नहीं जा सकेंगी। हालांकि उन्होंने स्पष्ट किया कि उनकी अनुपस्थिति के बावजूद उनके नेतृत्व में काशीपुर से महिला कांग्रेस की बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और महिलाएं महारैली में भाग लेंगी। इसके लिए संगठन स्तर पर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं तथा महिलाओं से लगातार संपर्क कर उन्हें रैली में शामिल होने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। पूजा सिंह ने विश्वास व्यक्त किया कि काशीपुर से महिला कांग्रेस की सक्रिय भागीदारी इस महारैली को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की महिला शक्ति हमेशा संगठन की मजबूती का आधार रही है और आगामी महारैली में भी महिलाएं पूरे उत्साह के साथ अपनी भागीदारी सुनिश्चित करेंगी। उन्होंने सभी महिला कांग्रेस पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं एवं कांग्रेस समर्थक महिलाओं से समय पर हल्द्वानी पहुंचकर कार्यक्रम को सफल बनाने का आग्रह किया तथा कहा कि यह महारैली प्रदेश में कांग्रेस संगठन को नई ऊर्जा और मजबूती प्रदान करेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!