
काशीपुर। शहर में वरिष्ठ कांग्रेस नेता एवं निवर्तमान ब्लॉक अध्यक्ष राजू छीना के आवास पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के तहत नोटिस प्राप्त लोगों की हरसंभव सहायता करने तथा आगामी 8 अगस्त को हल्द्वानी में प्रस्तावित कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की महारैली को सफल बनाने की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक को संबोधित करते हुए कांग्रेस नेताओं ने कहा कि एसआईआर के संबंध में नोटिस प्राप्त करने वाले किसी भी व्यक्ति को घबराने की आवश्यकता नहीं है। कांग्रेस पार्टी ऐसे सभी लोगों की दस्तावेजी प्रक्रिया पूरी कराने तथा आवश्यक मार्गदर्शन और सहयोग उपलब्ध कराने के लिए पूरी तरह तैयार है। उन्होंने कहा कि पार्टी का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी पात्र मतदाता अपने संवैधानिक अधिकार से वंचित न रहे। बैठक में 8 अगस्त को हल्द्वानी में आयोजित होने वाली कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की प्रस्तावित महारैली को लेकर भी व्यापक विचार-विमर्श किया गया। वक्ताओं ने कहा कि यह महारैली उत्तराखंड की जनता की आवाज को मजबूती से उठाने का महत्वपूर्ण मंच साबित होगी। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से अधिक से अधिक संख्या में हल्द्वानी पहुंचकर रैली को ऐतिहासिक एवं सफल बनाने का आह्वान किया। इस अवसर पर वरिष्ठ कांग्रेस नेता अरुण चौहान, एडवोकेट संदीप सहगल, एडवोकेट उमेश जोशी, जय सिंह गौतम, एडवोकेट मनोज जोशी, गौरव, श्रीमती इंदुमान, लता शर्मा, शफीक अंसारी, पार्षद अब्दुल कादिर, पार्षद रशीद फारुकी, रवि ढींगरा, हरदेव सिंह हेरी, ब्रह्मपाल, एडवोकेट इंदर सिंह सहित कांग्रेस के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

जुगनू खान
संपादक – जुगनू खबर
पता – काशीपुर, 244712
संपर्क – 6396151800
