
गुरुडाबांज (अल्मोड़ा)। राजकीय महाविद्यालय गुरुडाबांज, अल्मोड़ा में एंटी ड्रग्स सेल के तत्वावधान में नशा मुक्त भारत अभियान के तहत विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस दौरान नशा मुक्त भारत हस्ताक्षर अभियान, जागरूकता रैली, पोस्टर प्रतियोगिता और निबंध प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। जागरूकता रैली में छात्र-छात्राओं ने महाविद्यालय परिसर से ग्राम गुरुडाबांज तक रैली निकालकर आमजन को नशीले पदार्थों के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया। विद्यार्थियों ने ‘आओ मिलकर काम करें, नशा मुक्त भारत का निर्माण करें’ सहित विभिन्न नारों के माध्यम से युवाओं और नागरिकों से नशीले पदार्थों से दूर रहने की अपील की। इस दौरान प्रतिभागियों ने जीवनभर नशे से दूर रहने और समाज को नशामुक्त बनाने का संकल्प भी लिया। पोस्टर प्रतियोगिता में स्वाति आर्य ने प्रथम, हिमानी जोशी ने द्वितीय तथा प्रेमा, मनीषा और प्रियंका ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। निबंध प्रतियोगिता में स्वाति आर्य प्रथम, सोनी द्वितीय तथा भावना आर्य और अर्चना आर्य तृतीय स्थान पर रहीं। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं एवं समाज को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना तथा नशामुक्त और सशक्त समाज के निर्माण के लिए लोगों को प्रेरित करना रहा। कार्यक्रम में महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. प्रणीता नंद, कार्यक्रम नोडल अधिकारी जसवीर सिंह सहित प्राध्यापक श्री देवेंद्र कुमार, श्री सुनील कुमार, डॉ. गगनप्रीत सिंह सैनी, श्रीमती अनीता नेगी, डॉ. किरन बाला तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

जुगनू खान
संपादक – जुगनू खबर
पता – काशीपुर, 244712
संपर्क – 6396151800
