





काशीपुर। नई सब्जी मंडी स्थित लक्ष्मी डेरी के प्रतिष्ठान पर रविवार को काशीपुर के लगभग सभी डेरी व्यापारियों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता लक्ष्मी डेरी के प्रोपराइटर योगेश भल्ला ने की, जिसमें डेरी कारोबार से जुड़े व्यापारियों ने उपभोक्ताओं को बेहतर गुणवत्ता वाले डेरी उत्पाद उपलब्ध कराने सहित कई महत्वपूर्ण निर्णयों पर एकमत से सहमति जताई। बैठक में तय किया गया कि काशीपुर के सभी डेरी व्यापारी अपने-अपने प्रतिष्ठानों पर अच्छी से अच्छी गुणवत्ता वाले डेरी उत्पाद ही बिक्री करेंगे। यदि कोई दुकानदार या होलसेलर सस्ते के नाम पर घटिया गुणवत्ता का डेयरी उत्पाद बेचता पाया जाता है तो उसके खिलाफ काशीपुर डेरी व्यापारियों की ओर से कार्रवाई के लिए पहल की जाएगी। व्यापारियों ने निर्णय लिया कि किसी डेरी व्यापारी अथवा होलसेलर के खिलाफ घटिया या निम्न गुणवत्ता का सामान बेचने की शिकायत प्राप्त होती है और जांच में शिकायत सही पाई जाती है तो पहली बार एक हजार रुपये, दूसरी बार दो हजार रुपये का जुर्माना लगाया जाएगा। तीसरी बार मामला सामने आने पर काशीपुर डेरी एसोसिएशन द्वारा संबंधित दुकानदार अथवा होलसेलर की संयुक्त रूप से विभागीय अधिकारियों से शिकायत की जाएगी। बैठक में डेरी प्रतिष्ठानों में स्वच्छता व्यवस्था पर भी विशेष जोर दिया गया। सभी व्यापारियों से अपने प्रतिष्ठानों में साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखने तथा खाद्य सुरक्षा से संबंधित नियमों का पालन करने की अपील की गई। साथ ही सभी डेरी व्यापारी अपने लाइसेंस प्रतिष्ठान में पारदर्शी रूप से प्रदर्शित करेंगे। व्यापारियों ने यह भी निर्णय लिया कि जिस फर्म के प्रोपराइटर का नाम लाइसेंस में दर्ज है, उसका नाम प्रतिष्ठान के बोर्ड पर भी स्पष्ट रूप से अंकित किया जाएगा, ताकि ग्राहकों को प्रतिष्ठान के वास्तविक संचालक की जानकारी आसानी से मिल सके। बैठक में मौजूद काशीपुर के डेरी व्यापारियों ने उपभोक्ताओं को गुणवत्तापूर्ण एवं सुरक्षित डेयरी उत्पाद उपलब्ध कराने तथा डेरी कारोबार में पारदर्शिता और स्वच्छता बनाए रखने से संबंधित सभी प्रस्तावों का एकमत होकर समर्थन किया। व्यापारियों ने कहा कि इससे न केवल ग्राहकों का विश्वास बढ़ेगा, बल्कि डेरी कारोबार से जुड़े व्यापारियों के बीच भी स्वस्थ प्रतिस्पर्धा और बेहतर कार्यप्रणाली विकसित होगी। इस मौके पर योगेश भल्ला, ऋषि भल्ला, रिजवान, रशीद, राजू, मुनफैद, सुरेश, इरफान, फैम, गौरव, अंकुर, जय प्रकाश आदि दर्जनों डेरी व्यापारी व होलसेलर उपस्थित रहे।

जुगनू खान
संपादक – जुगनू खबर
पता – काशीपुर, 244712
संपर्क – 6396151800
