
काशीपुर। हल्द्वानी में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की रैली के बाद मंच के शुद्धिकरण किए जाने के मामले को लेकर कांग्रेस ने पुलिस प्रशासन से कार्रवाई की मांग की है। काशीपुर महानगर महिला कांग्रेस अध्यक्ष पूजा सिंह ने घटना को लेकर अब तक कार्रवाई नहीं होने पर सवाल उठाते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। पूजा सिंह ने कहा कि हल्द्वानी में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की रैली आयोजित की गई थी। रैली के बाद मंच के शुद्धिकरण किए जाने का मामला सामने आया। कांग्रेस ने इस घटना को लेकर आपत्ति जताई है। उनका कहना है कि किसी सार्वजनिक कार्यक्रम के बाद इस प्रकार की गतिविधि किया जाना सामाजिक सौहार्द की दृष्टि से उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में सभी राजनीतिक दलों और उनके नेताओं को अपने विचार रखने और सार्वजनिक कार्यक्रम आयोजित करने का अधिकार है। राजनीतिक मतभेद अपनी जगह हैं, लेकिन किसी कार्यक्रम या उसमें शामिल लोगों को लेकर ऐसी गतिविधियां नहीं होनी चाहिए, जिससे समाज में गलत संदेश जाए। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक जीवन में आपसी भाईचारा और सामाजिक समरसता बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है।

जुगनू खान
संपादक – जुगनू खबर
पता – काशीपुर, 244712
संपर्क – 6396151800
