
किच्छा। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने किच्छा क्षेत्र में बिना पंजीकरण संचालित किए जा रहे क्लीनिकों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए पांच क्लीनिकों का औचक निरीक्षण किया। नैदानिक स्थापन अधिनियम (Clinical Establishment Act) के तहत हुई इस कार्रवाई से अवैध रूप से क्लीनिक संचालित करने वालों में हड़कंप मच गया। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. संजीव कुमार गोस्वामी के निर्देश पर नोडल अधिकारी डॉ. सुधीर गुप्ता के नेतृत्व में स्वास्थ्य विभाग की विशेष टीम ने क्षेत्र में क्लीनिकों का औचक निरीक्षण किया। टीम ने पांच चिकित्सा संस्थानों की गहन जांच की। निरीक्षण के दौरान किसी भी क्लीनिक के पास वैध पंजीकरण नहीं पाया गया। जिन क्लीनिकों में पंजीकरण संबंधी अनियमितता मिली, उनमें गुप्ता डेंटल केयर, गुरुकृपा क्लीनिक, अर्चना क्लीनिक, राहुल क्लीनिक और मित्रा क्लीनिक शामिल हैं। नोडल अधिकारी डॉ. सुधीर गुप्ता ने बताया कि निरीक्षण के दौरान पांचों क्लीनिक बिना वैध पंजीकरण के संचालित पाए गए। उन्होंने कहा कि बिना पंजीकरण चिकित्सा सेवाएं प्रदान करना नियमानुसार अपराध है। सभी संबंधित संस्थानों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि जिले में बिना पंजीकरण और निर्धारित मानकों के विपरीत संचालित होने वाले क्लीनिकों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। अधिकारियों का कहना है कि जनता के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।

जुगनू खान
संपादक – जुगनू खबर
पता – काशीपुर, 244712
संपर्क – 6396151800
