Screenshot_20260905_083653_Facebook

काशीपुर। शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक जर्जर और गल चुके बिजली के पोल लोगों के लिए खतरा बने हुए हैं। कई स्थानों पर बिजली के पोल इस कदर कमजोर हो चुके हैं कि वे कभी भी गिर सकते हैं। इसके बावजूद पुराने पोलों को बदलने के बजाय कई जगहों पर वेल्डिंग और सीमेंट के सहारे उन्हें खड़ा रखने का प्रयास किया जा रहा है। इससे स्थानीय लोगों में हादसे की आशंका बनी हुई है। शहर के कई प्रमुख इलाकों में बिजली के पोल लंबे समय से जर्जर हालत में हैं। काशीपुर के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली के पोल नीचे से गल चुके हैं। कहीं पोलों में जंग लग चुकी है तो कहीं उनका निचला हिस्सा पूरी तरह कमजोर दिखाई दे रहा है। विभाग की ओर से कुछ स्थानों पर वेल्डिंग कराकर तथा सीमेंट के अवरोध लगाकर पोलों को सहारा दिया जा रहा है।

झूलते तार भी बने परेशानी

जर्जर पोलों के साथ ही कई स्थानों पर बिजली के तार भी नीचे की ओर झूल रहे हैं। शहर के साथ ग्रामीण क्षेत्रों में भी ऐसी स्थिति देखने को मिल रही है। फिरोजपुर और कुंडेश्वरी क्षेत्र में झुके हुए बिजली के पोल और लटकते तार लोगों के लिए परेशानी का कारण बने हुए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि तेज हवा, बारिश या किसी अन्य कारण से यदि कमजोर पोल गिरते हैं तो बड़ा हादसा हो सकता है।

पुराने पोल बदलने की मांग

क्षेत्रवासियों का कहना है कि बिजली के पोलों की मरम्मत के नाम पर केवल वेल्डिंग या अन्य अस्थायी व्यवस्था करने के बजाय पूरी तरह गल चुके पोलों को प्राथमिकता के आधार पर बदला जाना चाहिए। विशेष रूप से बाजार, सड़क किनारे और आबादी वाले क्षेत्रों में लगे जर्जर पोलों को लेकर लोगों में चिंता बनी हुई है। लोगों ने ऊर्जा निगम से ऐसे पोलों का सर्वे कराकर जल्द नए पोल लगाने और झूलते तारों को भी दुरुस्त करने की मांग की है।

एस्टीमेट तैयार कर रहा विभाग

ऊर्जा निगम के अधिकारियों के अनुसार शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में जर्जर हो चुके बिजली के पोलों को बदलने के लिए एस्टीमेट तैयार किया जा रहा है। विभाग का कहना है कि प्राथमिकता के आधार पर खराब और अधिक जोखिम वाले पोलों को चिह्नित कर उन्हें बदला जाएगा। विनीत सक्सेना, प्रभारी ईई, ऊर्जा निगम काशीपुर ने बताया कि शहरी और देहात क्षेत्र में जो बिजली के पोल गल चुके हैं, उन्हें बदलने के लिए एस्टीमेट तैयार किया जा रहा है। जल्द ही सभी गल चुके पोलों को हटाकर उनके स्थान पर नए पोल लगाए जाएंगे। साथ ही जहां बिजली के तार झूल रहे हैं, वहां भी आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!