





काशीपुर/नई दिल्ली। डॉ. अंबेडकर इंटरनेशनल सेंटर, नई दिल्ली में आयोजित अंतर्राष्ट्रीय साक्षरता दिवस 2026 एवं उल्लास के राष्ट्रीय समारोह में उत्तराखंड राज्य की ओर से काशीपुर की शिक्षिका नमिता पंत को प्रतिभाग करने का गौरवपूर्ण अवसर प्राप्त हुआ। राष्ट्रीय स्तर के इस महत्वपूर्ण आयोजन में उत्तराखंड का प्रतिनिधित्व करना उनके लिए गौरव एवं सम्मान का विषय रहा। समारोह में माननीय श्री जयंत चौधरी, राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार), शिक्षा मंत्रालय एवं कौशल विकास एवं उद्यमिता मंत्रालय सहित विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्री, शिक्षा मंत्री, शिक्षा क्षेत्र से जुड़े अधिकारी, शिक्षक एवं प्रतिनिधि उपस्थित रहे। देश में साक्षरता को बढ़ावा देने, शिक्षा को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाने तथा निरंतर सीखने की संस्कृति को मजबूत करने के उद्देश्य से आयोजित इस राष्ट्रीय समारोह में शिक्षा के क्षेत्र में किए जा रहे प्रयासों एवं उपलब्धियों पर विस्तार से चर्चा की गई।कार्यक्रम में प्रो. (डॉ.) माणिक साहा, मुख्यमंत्री त्रिपुरा, डॉ. धन सिंह रावत, शिक्षा मंत्री उत्तराखंड, श्री राजू बसनेट, शिक्षा मंत्री सिक्किम, श्री रोहित ठाकुर, शिक्षा मंत्री हिमाचल प्रदेश तथा डॉ. वनलालहलाना, शिक्षा मंत्री मिजोरम सहित अनेक गणमान्य अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति रही। विभिन्न राज्यों से आए प्रतिनिधियों ने शिक्षा एवं साक्षरता के क्षेत्र में अपने-अपने राज्यों में किए जा रहे कार्यों और अनुभवों को साझा किया। राष्ट्रीय स्तर के इस आयोजन में उत्तराखंड की ओर से प्रतिभाग करते हुए नमिता पंत ने राज्य की शिक्षा व्यवस्था, शिक्षकों की भूमिका तथा साक्षरता के क्षेत्र में किए जा रहे प्रयासों का प्रतिनिधित्व किया। उन्होंने कहा कि साक्षरता केवल पढ़ना-लिखना सीखने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह व्यक्ति को जागरूक, आत्मनिर्भर और समाज में अपनी सक्रिय भूमिका निभाने के लिए सक्षम बनाने का माध्यम है। उन्होंने ऐसे राष्ट्रीय आयोजनों को शिक्षकों के लिए सीखने, अनुभव साझा करने और नई कार्यप्रणालियों से परिचित होने का महत्वपूर्ण मंच बताया।
नमिता पंत ने अपने साथी शिक्षकों श्रीमती सुमन दुमका, सुश्री मीनाक्षी पाठक, श्री जीवन सिंह नेगी, श्री कैलाश राणा, श्री रघुवर सिंह भाटिया एवं श्री नंदन सिंह पोखरिया के साथ उत्तराखंड राज्य की ओर से इस राष्ट्रीय समारोह में सहभागिता की। सभी शिक्षकों ने कार्यक्रम में उत्साहपूर्वक प्रतिभाग करते हुए शिक्षा एवं साक्षरता से जुड़े विभिन्न विषयों पर जानकारी एवं अनुभव प्राप्त किए। काशीपुर की नमिता पंत का राष्ट्रीय स्तर के इस प्रतिष्ठित समारोह में उत्तराखंड का प्रतिनिधित्व करना क्षेत्र के लिए भी गौरव की बात है। उनके इस अवसर को शिक्षा जगत से जुड़े लोगों ने महत्वपूर्ण उपलब्धि बताते हुए प्रसन्नता व्यक्त की। समारोह ने यह संदेश भी दिया कि देश के प्रत्येक नागरिक तक गुणवत्तापूर्ण शिक्षा एवं साक्षरता पहुंचाने के लिए शिक्षक, समाज और सरकार को मिलकर निरंतर प्रयास करने की आवश्यकता है।
अंतर्राष्ट्रीय साक्षरता दिवस के अवसर पर आयोजित यह राष्ट्रीय समारोह शिक्षा और साक्षरता के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ देशभर के शिक्षकों एवं शिक्षा क्षेत्र से जुड़े प्रतिनिधियों के बीच अनुभवों के आदान-प्रदान का महत्वपूर्ण अवसर बना। उत्तराखंड की ओर से काशीपुर की नमिता पंत की सहभागिता ने राज्य और काशीपुर का गौरव बढ़ाया।

जुगनू खान
संपादक – जुगनू खबर
पता – काशीपुर, 244712
संपर्क – 6396151800
