Screenshot_20231003_181429_Samsung Internet

काशीपुर। श्री विश्वकर्मा महासभा, काशीपुर की ओर से सृष्टि के रचयिता, देव शिल्पी, विज्ञान विधाता एवं आदिदेव भगवान श्री विश्वकर्मा जी का पूजनोत्सव पर्व बुधवार, 17 सितम्बर को श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ हर्षोल्लास से मनाया जाएगा। इसके लिए रामनगर रोड स्थित 4 किलोमीटर की दूरी पर साक्षी इन्कलेव में स्थित श्री विश्वकर्मा धाम में विशेष धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे पूजनोत्सव को लेकर महासभा की ओर से तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की उम्मीद है। कार्यक्रम के दौरान भगवान श्री विश्वकर्मा जी की विधिवत पूजा-अर्चना के साथ हवन का आयोजन किया जाएगा। श्रद्धालु भगवान विश्वकर्मा जी का पूजन कर परिवार और समाज की सुख-समृद्धि, शांति एवं खुशहाली की कामना करेंगे। महासभा के अनुसार पुरोहित सुभाष चन्द्र शर्मा (प्रधानाचार्य) के मार्गदर्शन में धार्मिक कार्यक्रम संपन्न कराए जाएंगे। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातः 9 बजे पूजा-अर्चना एवं हवन आहुति से होगा। इसके पश्चात प्रातः 11 बजे आशीर्वचन का कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। धार्मिक आयोजन के उपरांत दोपहर 12 बजे भंडारे का शुभारंभ होगा, जिसमें श्रद्धालु प्रसाद ग्रहण करेंगे। भगवान श्री विश्वकर्मा को देव शिल्पी के रूप में विशेष रूप से पूजा जाता है। निर्माण, शिल्प, वास्तुकला, तकनीक एवं विभिन्न प्रकार के कौशल से जुड़े लोगों के लिए भगवान विश्वकर्मा पूजनोत्सव का विशेष धार्मिक एवं सामाजिक महत्व माना जाता है। इस अवसर पर श्रद्धालु अपने औजारों, मशीनों और कार्यस्थलों की पूजा कर भगवान विश्वकर्मा से उन्नति एवं सफलता का आशीर्वाद प्राप्त करते हैं। श्री विश्वकर्मा महासभा के अध्यक्ष अशोक कुमार धीमान ने समस्त बंधुवर एवं श्रद्धालुओं से पूजनोत्सव पर्व में सपरिवार शामिल होने का आग्रह किया है। उन्होंने कहा कि सभी श्रद्धालु श्री विश्वकर्मा धाम पहुंचकर भगवान श्री विश्वकर्मा जी की पूजा-अर्चना में सहभागी बनें और उनका आशीर्वाद प्राप्त करें। महासभा की ओर से श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम में पहुंचकर धार्मिक आयोजन को सफल बनाने की अपील की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!