





काशीपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में खादी एवं ग्रामोद्योग, भारत सरकार की ओर से संचालित विभिन्न प्रशिक्षण कार्यक्रमों के सफल प्रशिक्षणार्थियों को प्रमाण पत्र वितरित किए गए। नागरा रिसोर्ट में आयोजित कार्यक्रम में सिलाई, कंप्यूटर प्रशिक्षण एवं ब्यूटीशियन जैसे रोजगारपरक प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूर्ण करने वाले प्रशिक्षणार्थियों को प्रमाण पत्र प्रदान कर उन्हें आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रोत्साहित किया गया। कार्यक्रम के दौरान खादी एवं ग्रामोद्योग के अध्यक्ष ने मुंबई से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रशिक्षणार्थियों से संवाद किया तथा उन्हें संबोधित करते हुए प्रशिक्षण के माध्यम से स्वरोजगार एवं आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर खादी एवं ग्रामोद्योग से जुड़े गौरव जी, नेगी जी एवं रावत जी सहित अन्य अतिथि मौजूद रहे। श्री गौरव जोहरी जी ने उद्यमिता विकास के लिए सरकार द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने प्रशिक्षणार्थियों से सरकारी योजनाओं का लाभ उठाकर स्वरोजगार की दिशा में आगे बढ़ने का आह्वान किया। वहीं आरोहण सामाजिक संस्था की अध्यक्ष श्रीमती नीता पोखरिया ने व्यक्तित्व विकास (पर्सनैलिटी डेवलपमेंट) के महत्व पर प्रकाश डालते हुए प्रशिक्षणार्थियों को संस्था की ओर से किए जा रहे सामाजिक एवं प्रशिक्षण संबंधी कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रमों का उद्देश्य अधिक से अधिक लोगों को हुनर से जोड़कर उन्हें आत्मनिर्भर बनने के अवसर उपलब्ध कराना है। कार्यक्रम में प्रशिक्षणार्थियों ने अपने अनुभव भी साझा किए। वक्ताओं ने कहा कि वर्तमान समय में रोजगारपरक एवं कौशल आधारित प्रशिक्षण युवाओं और महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। सिलाई, कंप्यूटर एवं ब्यूटीशियन जैसे प्रशिक्षण प्राप्त कर प्रशिक्षणार्थी नौकरी के साथ-साथ अपना स्वयं का कार्य भी शुरू कर सकते हैं।
इस अवसर पर आरोहण सामाजिक संस्था की अध्यक्ष श्रीमती नीता पोखरिया, सचिव श्रीमती चित्रा बिष्ट, प्रशिक्षक श्रीमती रजनी ग्रोवर, श्रीमती विपिन कुमारी एवं श्रीमती मीना देवी सहित 100 से अधिक प्रशिक्षणार्थी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में सफल प्रशिक्षणार्थियों को प्रमाण पत्र वितरित कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।

जुगनू खान
संपादक – जुगनू खबर
पता – काशीपुर, 244712
संपर्क – 6396151800
