

शिक्षा, करियर, रोजगार और उत्तराखंड के विकास से जुड़े सवालों पर विद्यार्थियों ने की चर्चा
काशीपुर। मुख्यमंत्री युवा विद्यार्थी संवाद कार्यक्रम के अंतर्गत समर स्टडी हॉल विद्यालय, कुंडेश्वरी, काशीपुर के 50 विद्यार्थियों को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से सीधे संवाद एवं भेंट करने का अवसर मिला। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग करते हुए शिक्षा, उच्च शिक्षा, करियर, रोजगार और प्रतियोगी परीक्षाओं सहित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर मुख्यमंत्री से सवाल किए।
संवाद के दौरान विद्यार्थियों ने युवाओं के लिए रोजगार की संभावनाओं, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी, उत्तराखंड के विकास तथा प्रदेश के भविष्य में युवाओं की भूमिका से जुड़े विषयों पर अपने विचार और जिज्ञासाएं मुख्यमंत्री के समक्ष रखीं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने विद्यार्थियों के प्रश्नों को सहजता और आत्मीयता के साथ सुना तथा विभिन्न विषयों पर उनका मार्गदर्शन किया। मुख्यमंत्री से प्रत्यक्ष संवाद का अवसर मिलने पर विद्यार्थी काफी उत्साहित नजर आए। विद्यार्थियों ने कहा कि मुख्यमंत्री से आमने-सामने बातचीत करना उनके लिए प्रेरणादायी और यादगार अनुभव रहा। उन्होंने कहा कि संवाद के दौरान उन्हें अपने प्रश्नों के उत्तर मिलने के साथ ही उत्तराखंड के विकास में युवाओं की भूमिका को लेकर नई प्रेरणा भी मिली। विद्यालय के प्रधानाचार्य एवं प्रबंधक ने कहा कि इस प्रकार के संवाद कार्यक्रम विद्यार्थियों को अपनी जिज्ञासाएं और विचार सीधे प्रदेश के नेतृत्व के समक्ष रखने का अवसर प्रदान करते हैं। इससे विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता, सकारात्मक सोच और प्रदेश के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित होती है।
विद्यालय परिवार ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का विद्यार्थियों के साथ संवाद एवं मार्गदर्शन के लिए आभार व्यक्त किया। साथ ही कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए मुख्यमंत्री कार्यालय एवं शिक्षा विभाग का धन्यवाद किया।
विद्यार्थियों ने कहा कि “मुख्यमंत्री जी से मिलना और उनसे सीधे संवाद करना हमारे लिए जीवनभर याद रहने वाला अनुभव है।”

जुगनू खान
संपादक – जुगनू खबर
पता – काशीपुर, 244712
संपर्क – 6396151800
