





काशीपुर। श्रीराम इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट एंड टेक्नोलॉजी (SIMT), काशीपुर में सृष्टि के प्रथम शिल्पकार एवं देवशिल्पी भगवान विश्वकर्मा की जयंती के अवसर पर विश्वकर्मा दिवस श्रद्धा एवं उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम के दौरान भगवान विश्वकर्मा की विधिवत पूजा-अर्चना कर संस्थान की प्रगति, समृद्धि तथा सभी के सुख-स्वास्थ्य की कामना की गई।
कार्यक्रम के अवसर पर संस्थान के निदेशक प्रो. (डॉ.) योगराज सिंह एवं प्राचार्य डॉ. एस. एस. कुशवाहा ने संस्थान के अध्यक्ष श्री रवींद्र कुमार का स्वागत करते हुए उन्हें विश्वकर्मा दिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर संस्थान के अध्यक्ष श्री रवींद्र कुमार ने सभी शिक्षक एवं कर्मचारियों को विश्वकर्मा दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि भगवान विश्वकर्मा कौशल, कर्म, सृजनशीलता, तकनीकी दक्षता एवं परिश्रम के प्रतीक हैं। किसी भी संस्थान की प्रगति में प्रत्येक कर्मचारी की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। कर्मचारियों के समर्पित प्रयास संस्थान की कार्यसंस्कृति को मजबूत बनाने के साथ-साथ संस्थान की निरंतर प्रगति में भी योगदान देते हैं। विश्वकर्मा दिवस के अवसर पर संस्थान के सहायक कर्मचारियों को उपहार प्रदान कर सम्मानित किया गया। सम्मान प्राप्त करने वाले कर्मचारियों ने संस्थान के अध्यक्ष एवं प्रबंधन के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम के दौरान कार्यस्थल, संसाधनों एवं उपकरणों के प्रति सम्मान तथा सुरक्षित, जिम्मेदार और अनुशासित कार्यसंस्कृति के महत्व पर भी प्रकाश डाला गया। वक्ताओं ने कहा कि तकनीकी दक्षता के साथ कार्य के प्रति समर्पण और जिम्मेदारी किसी भी संस्था की सफलता का महत्वपूर्ण आधार है। इस अवसर पर संस्थान के अध्यक्ष श्री रवींद्र कुमार, निदेशक प्रो. (डॉ.) योगराज सिंह, प्राचार्य डॉ. एस. एस. कुशवाहा सहित शिक्षकगण एवं समस्त कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम श्रद्धा, सम्मान और उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।

जुगनू खान
संपादक – जुगनू खबर
पता – काशीपुर, 244712
संपर्क – 6396151800
