





रक्तदान के प्रति लोगों को जागरूक कर जीवन बचाने का दिया संदेश
काशीपुर। चंद्रावती तिवारी कन्या स्नातकोत्तर महाविद्यालय में स्वैच्छिक रक्तदान दिवस के अवसर पर राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई की ओर से जनजागरूकता रैली का आयोजन किया गया। महाविद्यालय की प्रभारी प्राचार्या डॉ. दीपिका आत्रेय के निर्देशन में आयोजित रैली का उद्देश्य लोगों को स्वैच्छिक रक्तदान के प्रति जागरूक करना और रक्तदान के महत्व का संदेश जन-जन तक पहुंचाना रहा। रैली महाविद्यालय परिसर से प्रारंभ होकर महाराणा प्रताप चौक, मुख्य बाजार तथा पोस्ट ऑफिस रोड से होते हुए वापस महाविद्यालय परिसर में संपन्न हुई। रैली में एनएसएस स्वयंसेवियों ने हाथों में ‘रक्तदान महादान’, ‘रक्तदान करें, जीवन बचाएं’ सहित विभिन्न जागरूकता संदेश लिखी तख्तियां लेकर लोगों को स्वैच्छिक रक्तदान के लिए प्रेरित किया। इस दौरान स्वयंसेवियों ने रक्तदान के महत्व और जरूरतमंद मरीजों के जीवन को बचाने में इसकी भूमिका के संबंध में लोगों को जागरूक किया। रैली के माध्यम से समाज में नियमित एवं स्वैच्छिक रक्तदान को लेकर सकारात्मक वातावरण बनाने का संदेश दिया गया। इस अवसर पर एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी डॉ. वंदना सिंह, डॉ. गीता मेहरा, एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. रमा अरोरा, असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. रंजना, डॉ. अंजलि गोस्वामी, डॉ. पुष्पा धामा, श्रीमती शीतल अरोरा, श्रीमती प्राची धौलाखंडी, डॉ. ज्योति गोयल, डॉ. ज्योति रावत, डॉ. दीपा चनियाल सहित छात्राएं एवं महाविद्यालय का स्टाफ उपस्थित रहा।

जुगनू खान
संपादक – जुगनू खबर
पता – काशीपुर, 244712
संपर्क – 6396151800
